अमेठी : 200 बोरी संदिग्ध सीमेंट बरामद, विभागीय जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
अमेठी : 200 बोरी संदिग्ध सीमेंट बरामद, विभागीय जांच शुरू


अमेठी, 12 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जिले के मोहनगंज थानाक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम भागीरथपुर में स्थित पटेल ट्रेडर्स दुकान में बिरला सम्राट कंपनी के नाम की नकली सीमेंट बेचने की सूचना पर सीमेंट कंपनी के फील्ड ऑफिसर विकास साहू ने मय टीम के साथ छापेमारी कर करीब 200 बोरी नकली सीमेंट बरामद किया। दुकान संचालक की पहचान प्रमोद पटेल के रूप में बताई गई है। इसके संबंध में कंपनी की ओर से दुकानदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नकली एवं डुप्लीकेट सीमेंट की बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनी की टीम द्वारा क्षेत्र में फील्ड ऑफिसर विकास साहू के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम ने भागीरथपुर गांव स्थित पटेल ट्रेडर्स पर पहुंचकर दुकान और वहां रखे सीमेंट के स्टॉक की जांच की। जांच के दौरान बिरला सम्राट के नाम से रखी करीब 200 बोरी सीमेंट टीम को संदिग्ध मिली। टीम ने सीमेंट के नमूने एवं अन्य आवश्यक जानकारी जुटाते हुए बरामद स्टॉक को जांच के दायरे में लिया है। टीम द्वारा यह भी जांच की जा रही है कि उक्त सीमेंट कहां से मंगाई गई थी और इसकी बिक्री किन लोगों को की जा रही थी।

इसके सम्बन्ध में फील्ड ऑफिसर विकास साहू ने बुधवार को बताया कि तिलोई, मोहनगंज, शंकरगंज समेत आसपास के क्षेत्रों में नकली एवं डुप्लीकेट सीमेंट की बिक्री करने वालों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान दुकानों पर रखे सीमेंट के स्टॉक, बिल, खरीद स्रोत और कंपनी की पैकिंग आदि की जांच की जा रही है। बताया गया कि निर्माण कार्य में नकली सीमेंट के इस्तेमाल से भवनों की गुणवत्ता और मजबूती प्रभावित होने के साथ लोगों की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। इसी को देखते हुए कंपनी की टीम द्वारा बाजार में संदिग्ध सीमेन्ट टीम ने दुकानदार से सीमेंट की खरीद और बिक्री से संबंधित दस्तावेज भी मांगे हैं। बरामद सीमेंट की जांच के बाद ही इसकी वास्तविक गुणवत्ता और नकली होने की स्थिति स्पष्ट होगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय स्तर पर हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के सीमेंट विक्रेताओं में भी हड़कंप मचा हुआ है। टीम ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नकली या डुप्लीकेट सीमेंट की बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story