75×75 फीट की रंगोली में छात्रों ने उकेरा गांधी जी का चित्र
अमेठी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को नवीन पुलिस लाइन, गौरीगंज में 75×75 फीट की विशाल मानव श्रृंखला रंगोली का निर्माण किया गया। रंगोली में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के करीब 400 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग करते हुए महात्मा गांधी के चित्र को आकर्षक रूप में उकेरा।
विशाल रंगोली ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। जिलाधिकारी शशांक चौधरी, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह तथा अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमृता सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने रंगोली का अवलोकन किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं के उत्साह, रचनात्मकता एवं प्रतिभा की सराहना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सेवा जैसे उच्च आदर्शों का प्रतीक है। गांधी जयंती केवल उनके जन्मदिवस का उत्सव नहीं, बल्कि उनके विचारों एवं मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का अवसर है।उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प ही गांधी जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जिलाधिकारी ने रंगोली की भव्यता और विद्यार्थियों की सहभागिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जागरूकता एवं रचनात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी वीरभान सिंह, डीसी मनरेगा शेर बहादुर, डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

