अमेरिका, जर्मनी और इजराइल हुए यूपी के फल- सब्जियों के कायल, बढ़ा निर्यात

WhatsApp Channel Join Now
  • - योगी सरकार की नीतियों से अमेरिका-जर्मनी -इजरायल तक यूपी के कृषि उत्पादों का जलवा
  • - आलू के फ्लेक्स से लेकर हरी मटर तक की विदेशों में धूम, 15 उत्पादों का निर्यात 489 करोड़ रुपये के पार
  • - अंगूर, अनार, तरबूज, संतरा, मटर और आम ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में बनाई पहचान, नेपाल सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य

लखनऊ: योगी सरकार प्रदेश को कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी का नतीजा है कि उत्तर प्रदेश के बागवानी उत्पादों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। वर्तमान में प्रदेश के आलू, अंगूर, अनार, संतरा, तरबूज, मटर, आम और अमरूद जैसे उत्पादों की विदेशों में मांग पहले से काफी ज्यादा बढ़ी है। खास बात यह है कि प्रदेश के उत्पाद केवल ताजे फल और सब्जियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रसंस्कृत और संरक्षित उत्पादों के निर्यात में भी अपनी जगह बना रहे हैं। वहीं निर्यात के प्रमुख गंतव्यों में नेपाल उत्तर प्रदेश के बागवानी उत्पादों का सबसे बड़ा खरीदार बनकर उभरा है।

नेपाल के बाजार में छाया यूपी का आलू
अपर मुख्य सचिव हार्टिकल्चर एवं फूड प्रोसेसिंग बाबू लाल मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के लिए उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण, गुणवत्ता, भंडारण और निर्यात सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। इसी का परिणाम है कि हाल ही में बागवानी उत्पादों के निर्यात मूल्य के आधार पर जारी शीर्ष 20 उत्पादों की सूची में पहले 15 उत्पादों का कुल निर्यात मूल्य 489.01 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। इसमें आलू और उससे तैयार उत्पादों की प्रमुख हिस्सेदारी है। ताजा और शीतित आलू का निर्यात 146.03 करोड़ रुपये रहा, जबकि आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात 103.24 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। ऐसे में केवल इन दोनों श्रेणियों के आलू उत्पादों का निर्यात मूल्य 249.27 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो बागवानी निर्यात में आलू की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। वहीं ताजा और शीतित आलू के कुल 146.03 करोड़ रुपये के निर्यात में अकेले नेपाल की हिस्सेदारी 145.12 करोड़ रुपये रही। इसी तरह ताजे अंगूर का 34.89 करोड़ रुपये का निर्यात पूरी तरह नेपाल को किया गया। अनार के निर्यात में भी नेपाल का योगदान 24.75 करोड़ रुपये रहा। संतरे के 21.19 करोड़ रुपये और नींबू एवं लाइम के 15.71 करोड़ रुपये के निर्यात का प्रमुख गंतव्य भी नेपाल रहा।

जर्मनी, अमेरिका और नेपाल को भा रहीं यूपी की सब्जियां
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश के प्रसंस्कृत उत्पादों ने नेपाल से आगे दूसरे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी जगह बनाई है। आलू के फ्लेक्स, ग्रेन्यूल्स और पेलेट्स का निर्यात जापान, मलेशिया, इजरायल और इंडोनेशिया जैसे देशों में हो रहा है। इस श्रेणी में जापान को 44.06 करोड़ रुपये, मलेशिया को 17.43 करोड़ रुपये, इजरायल को 11.89 करोड़ रुपये और इंडोनेशिया को 11.44 करोड़ रुपये के उत्पाद निर्यात किए गए। वहीं, सूखे आलू के 26.89 करोड़ रुपये के निर्यात में भी नेपाल की प्रमुख हिस्सेदारी रही। इसके अलावा अमेरिका और जर्मनी को भी इन उत्पादों की आपूर्ति की गई। आलू के अलावा प्रदेश के अन्य बागवानी उत्पाद भी विदेशी बाजारों में अपनी पहचान बना रहे हैं। ताजे अंगूर का निर्यात 34.89 करोड़ रुपये रहा। ताजे अनार का निर्यात 24.78 करोड़ रुपये और सूखी अन्य निर्जलित सब्जियों का निर्यात 23.51 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। सूखी निर्जलित सब्जियों के निर्यात में जर्मनी को 19.70 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए। अमेरिका को 3.05 करोड़ रुपये और नेपाल को 0.76 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ।

यूपी की हरी मटर के कायल हुए अमेरिका और जर्मनी
वहीं ताजे और सूखे संतरे का निर्यात 21.19 करोड़ रुपये, ताजे तरबूज का 20.37 करोड़ रुपये और अन्य सब्जियों एवं सब्जियों के मिश्रण का निर्यात 18.03 करोड़ रुपये रहा। तरबूज के निर्यात में नेपाल को 20.35 करोड़ रुपये के उत्पाद भेजे गए जबकि इटली को भी इसकी आपूर्ति की गई। अन्य सब्जियों के मिश्रण की मांग अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और संयुक्त अरब अमीरात में भी रही। प्रसंस्कृत आलू उत्पादों के अलावा तैयार और संरक्षित आलू (नॉन-फ्रोजन) का निर्यात भी 14.51 करोड़ रुपये तक पहुंचा। इसके प्रमुख खरीदार अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, यूएई और ब्रिटेन रहे। वहीं, फ्रोजन मटर का 12.16 करोड़ रुपये और हरी मटर का 11.99 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ। फ्रोजन मटर की मांग सऊदी अरब, नेपाल, कनाडा और यूएई में रही, जबकि हरी मटर अमेरिका और जर्मनी समेत अन्य बाजारों में पहुंची। ताजे आम की अन्य किस्मों का निर्यात 10.53 करोड़ रुपये और ताजे एवं सूखे अमरूद का निर्यात 5.18 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। आम के निर्यात में नेपाल के साथ ब्रिटेन, यूएई और कतर भी प्रमुख गंतव्य रहे। अमरूद के मामले में भी नेपाल सबसे बड़ा खरीदार रहा।

Live VNS Desk
Live VNS Desk

23672 Articles

Trusted Journalism | Unbiased Reporting | Responsible Editorial Team Since 2013, Live VNS Desk has been committed to delivering fair, factual, and public-interest journalism. Our experienced editorial team oversees the selection, writing, editing, verification, and publication of news content, ensuring accuracy, credibility, and editorial integrity. In today's evolving digital landscape, we embrace modern technology, including Artificial Intelligence (AI), whenever appropriate. However, AI is used solely to assist with content writing, language refinement, and editorial efficiency?not to manipulate facts, spread misinformation, or promote any particular political or ideological agenda. Our principle is simple: Technology can assist journalism, but editorial responsibility must always remain with humans. Every piece of content, including AI-assisted material, is subject to human editorial oversight to maintain journalistic standards. our mission is to provide readers with accurate, balanced, credible, and impartial news. We prioritize facts over sensationalism, transparency over manipulation, and public interest above all else

Share this story