बाबा साहब के सपनों को मोदी सरकार ने दिया मूर्तरूप : सुशील त्रिपाठी

WhatsApp Channel Join Now
बाबा साहब के सपनों को मोदी सरकार ने दिया मूर्तरूप : सुशील त्रिपाठी


बाबा साहब के सपनों को मोदी सरकार ने दिया मूर्तरूप : सुशील त्रिपाठी


बाबा साहब के सपनों को मोदी सरकार ने दिया मूर्तरूप : सुशील त्रिपाठी


सुलतानपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूरे जनपद में 1900 से अधिक बूथों पर भव्य और संगठित कार्यक्रमों के जरिए विपक्ष को करारा राजनीतिक संदेश दिया। संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता और समान अधिकारों के संकल्प को दोहराया।

भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने मंगलवार को विकास भवन स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए विपक्ष पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दशकों तक कांग्रेस और अन्य दलों ने बाबा साहब के नाम पर सिर्फ राजनीति की, लेकिन उनके विचारों को लागू करने का साहस नहीं दिखाया।

उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही बाबा साहब के सपनों को जमीन पर उतारा गया है। भाजपा ने दलितों, वंचितों और पिछड़ों को केवल वादों में नहीं, बल्कि योजनाओं और अधिकारों के माध्यम से वास्तविक सम्मान दिलाया है।

श्री त्रिपाठी ने कहा कि पहले की सरकारों ने दलित समाज को केवल वोट बैंक समझा, जबकि भाजपा ने “सबका साथ, सबका विकास” को साकार करते हुए अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने बाबा साहेब से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है, जो पहले की सरकारें कभी नहीं कर सकीं।

भाजपा जिला मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि जनपद के 1900 से अधिक बूथों पर कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक अंबेडकर जयंती मनाई और संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर सामाजिक समरसता का संदेश घर-घर तक पहुंचाया।

इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष करूणा शंकर द्विवेदी, डॉ. सीताशरण त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल, डॉ. प्रीति प्रकाश, विजय प्रताप त्रिपाठी, विजय रघुवंशी, अखिलेश जायसवाल, आशीष सिंह रानू, संजय सोमवंशी, रमेश सिंह टिन्नू, दिनेश चौरसिया, आकाश जायसवाल, नगर अध्यक्ष रीना जायसवाल, राहुल भान मिश्रा, सुमन राव कोरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बाबा साहब विश्व के लिए ज्ञान के अप्रतिम प्रतीक

इसी तरह अंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी उदय प्रताप शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब मात्र भारतीय नेता नहीं बल्कि संपूर्ण विश्व के लिए ज्ञान के अप्रतिम प्रतीक हैं और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग व विचारों को आत्मसात करने वाला व्यक्ति निश्चित ही सफलता के आसमान को छू सकता है।

इस अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. पारसनाथ ने बाबा साहब के क्रांतिकारी विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं सब इंस्पेक्टर हरिश्चंद्र ने आम नागरिकों को भारतीय संविधान में प्रदत्त उनके मौलिक अधिकारों एवं संवैधानिक व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक किया।

समाजिक सरोकारों और जनसेवा को समर्पित आयोजन में सावित्री हॉस्पिटल के प्रमुख डॉ. जे. एल. भारती ने निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जबकि शुभांगी हॉस्पिटल के सर्जन डॉ. राजेश गौतम ने अप्रैल माह में आयोजित होने वाले निशुल्क ऑपरेशन शिविर के लिए मरीजों का पंजीकरण किया। कार्यक्रम की आध्यात्मिक महत्ता को बढ़ाते हुए जिला कार्यअध्यक्ष शिवनाथ बौद्ध ने उपस्थित जनसमूह को बुद्ध धम्म के अनुसार त्रिशरण, पंचशील का संकल्प कराया गया। जयंती के इस उपलक्ष्य में सुलतानपुर जनपद के विभिन्न अंचलों से 200 से अधिक भव्य शोभा यात्राएं व जयंतियां गाजे-बाजे के साथ निकलीं, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचीं, जिससे पूरा नगर 'जय भीम' के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।

अंबेडकर कल्याण समिति और 'दी बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया' के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस गौरवशाली कार्यक्रम में संगठन के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश गौतम और धर्मराज बौद्ध की देखरेख में हजारों की संख्या में जनसैलाब उमड़ा। इस अवसर पर एडवोकेट कर्मेंद्र गौतम, विजय गौतम, डॉ. जयभीम, डॉ. सुरेश कुमार, रामफेर राव, हौसला भीम, एड. रामकृपाल, श्याम बहादुर बौद्ध, दयाराम बौद्ध, रामसेवक, धर्मराज बौद्ध, गया प्रसाद, डॉ. सुभाष, डॉ. राजकरन, आकांक्षा बौद्ध, राम मूरत और कमलेश कुमार सहित जनपद के तमाम गणमान्य व्यक्ति, प्रबुद्ध वर्ग और भारी संख्या में अनुयायी उपस्थित रहे, जिन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी भावांजलि दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

Share this story