अंबेडकर प्रतिमा पर कीचड़ पोते जाने से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
जौनपुर ,06 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में गुरुवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कीचड़ पोतने के मामले में समाजवादी पार्टी ने शुक्रवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला प्रशासन को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम अजय अंबष्ट को सौंपा।
यह घटना चार मार्च की रात को सिविल लाइंस स्थित जिलाधिकारी आवास के पास अंबेडकर तिराहा और लाइन बाजार थाना क्षेत्र के अंबेडकर पार्क में हुई थी। अराजक तत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कीचड़ पोत दिया था।
जिलाध्यक्ष राकेश मौर्या ने इस कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि इससे पी.डी.ए. समाज, स्थानीय नागरिकों और बाबा साहब के अनुयायियों में रोष है। उन्होंने इसे एक महापुरुष का अपमान और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश बताया। इसमें दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों को तुरंत चिन्हित करने और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने की मांग की गई है।इसके अतिरिक्त, पार्टी ने अपवित्र की गई प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग की है। साथ ही, पूरे जनपद में बाबा साहब की स्थापित प्रतिमा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने और सभी महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

