बागपत के अमन कुमार को मिला प्रदेश स्तरीय यूथ फॉर विकसित भारत पुरस्कार
बागपत, 13 अक्टूबर (हि.स.)। बागपत जिले के ट्योढ़ी गांव निवासी युवा अमन कुमार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से प्रदेश स्तरीय ‘यूथ फॉर विकसित भारत’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वाराणसी में आयोजित माय भारत यूथ कन्वेंशन में अमन को यह सम्मान उनके सामाजिक कार्यों और ग्रामीण युवाओं को शिक्षा, प्रशिक्षण व करियर के अवसरों से जोड़ने के प्रयासों के लिए दिया गया।
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। सूचना विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में प्रदेश के 75 जिलों से हजारों युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान बागपत के अमन का नाम शीर्ष माय भारत स्वयंसेवकों में घोषित होने पर सभागार तालियों से गूंज उठा। माय भारत मुख्यालय के संयुक्त निदेशक मोहन सिंह शाही और उत्तर प्रदेश के राज्य निदेशक गोपेश पांडेय ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।
अमन का सफर अखबार बेचने से शुरू हुआ था। आज वह ग्रामीण युवाओं को आगे बढ़ाने के मिशन में जुटे हैं। माय भारत से संबद्ध उड़ान यूथ क्लब के अध्यक्ष अमन ने ‘प्रोजेक्ट कॉन्टेस्ट 360’ की शुरुआत की। इसके माध्यम से ग्रामीण युवाओं तक प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्तियों, प्रशिक्षण और करियर के अवसरों की जानकारी पहुंचाई जा रही है। बागपत प्रशासन के साथ विभिन्न अभियानों और ई-गवर्नेंस नवाचारों में भी उन्होंने योगदान दिया है।
अमन के सामाजिक कार्यों को यूनिसेफ, यूनेस्को और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी से जुड़े मंचों पर भी पहचान मिल चुकी है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें स्वामी विवेकानंद यूथ अवॉर्ड से सम्मानित कर चुके हैं।
सम्मान मिलने पर अमन ने कहा कि माय भारत मंच ग्रामीण युवाओं को आगे बढ़ने का आत्मविश्वास और अवसर दे रहा है। उन्होंने युवाओं से इस मंच से जुड़कर अपने कौशल को निखारने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

