देश की आंतरिक सुरक्षा के साथ बढ़ रही धर्म-परिवर्तन जैसी घटनाओं के प्रति कार्यकर्ता रहे सर्तक : धर्मेंद्र

WhatsApp Channel Join Now


मथुरा, 20 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र ने कहा कि आज देश की बढ़ती हुई जनसंख्या से असंतुलन हो रहा है। इसी का परिणाम समाज में गरीबी और हिंसा के रूप में सामने आ रहा है। साथ ही हिंदुओं के प्रति वैमनस्यता बढ़ रही है। आज देश की सुरक्षा और धर्म परिवर्तन जैसी घटनाओं के प्रति कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की आवश्यकता है। यह बात सोमवार को हिंदू जागरण मंच ब्रज द्वारा आयोजित ब्रज प्रांतीय बैठक में कही।

प्रांतीय बैठक में संबंधित जिलों के अध्यक्ष, संयोजक और सह संयोजकों के कार्यों की समीक्षा करते हुए सह प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र ने कहा कि लव जिहाद और धर्म स्थलों पर आक्रमण जैसे खतरे लगातार बढ़ रहे हैं। एक बौद्धिक युद्ध भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विश्व में हिन्दू विरोधी ताकतें सिर उठा रही है, जेहादी सोच से समाज को बचाना है। आरएसएस के विभिन्न संगठन जैसे हिन्दू जागरण मंच, विहिप, बजरंग दल दुर्गावाहिनी आदि इन सबके कार्य अलग अलग हैं, लेकिन उद्देश्य सबका एक है।

संगठन मंत्री उमाकांत ने कहा कि सनातन धर्म के खिलाफ हो रहे षडयंत्रों से समाज को बचाने के लिए हिंदू जागरण मंच जागरूक है। प्रांत संयोजक जोगपाल ने कहा कि सनातन धर्म और उसे मानने वाले लोगों के खिलाफ अनेक ताकतें षड्यंत्र रचने में लगी हैं। इसलिए आज के समय में हिन्दू जागरण मंच का काम और महत्वपूर्ण हो जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश

Share this story