विरासत के सम्मान संग शुरू होगा विकास का नया सोपान

WhatsApp Channel Join Now
विरासत के सम्मान संग शुरू होगा विकास का नया सोपान


विरासत के सम्मान संग शुरू होगा विकास का नया सोपान


विरासत के सम्मान संग शुरू होगा विकास का नया सोपान


विरासत के सम्मान संग शुरू होगा विकास का नया सोपान


गोरखपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। रविवार (5 अप्रैल) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर महानगर में विरासत के सम्मान संग विकास के नए सोपान का शुभारम्भ करेंगे। वह ऐतिहासिक स्मृतियों को सहेजे घंटाघर के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण करने के साथ विकास की एक परियोजना का लोकार्पण और एक का शिलान्यास करेंगे।

इनमें से एक परियोजना घंटाघर में अमर बलिदानी बंधु सिंह के नाम पर बने मल्टीलेवल पार्किंग एवं कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण और दूसरी पांडेयहाता विरासत गलियारा में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के शिलान्यास की है।

महानगर के घंटाघर के साथ स्वतंत्रता आंदोलन की यादें जुड़ी हैं। आज जिस स्थान पर घंटाघर है, वहां देश के प्रथम स्वातंत्र्य समर के दौरान एक विशाल पाकड़ का वृक्ष हुआ करता था। इसी वृक्ष पर आजादी की पहली लड़ाई में कई स्वतंत्रता सेनानियों को फांसी दी गई थी। 19 दिसम्बर 1927 को काकोरी ट्रेन एक्शन के महानायक पंडित रामप्रसाद बिस्मिल को जब गोरखपुर कारागार में फांसी दी गई थी तब उनकी शवयात्रा घंटाघर में आकर रुकी थी। तब बिस्मिल की माता ने यहां एक प्रेरक उद्बोधन दिया था। तभी से यह स्थान पंडित बिस्मिल को समर्पित हो गया।

मीनार की तरह ऊंची इमारत के रूप में घंटाघर के निर्माण का वर्ष 1930 में रायगंज के सेठ राम खेलावन और सेठ ठाकुर प्रसाद ने कराया था। इमारत पर घंटे वाली एक घड़ी लगाई गई जिसकी वजह से यह घंटाघर के नाम से प्रसिद्ध हो गई। आज यह स्वतंत्रता संग्राम और अमर बलिदानियों के जीवंत प्रतीक के रूप में महानगर की गौरवशाली विरासत है। इमारत के निचले हिस्से पर पंडित रामप्रसाद बिस्मिल के बलिदान की याद दिलाती चित्रकारी उकेरी गई है। इस विरासत के संरक्षण के लिए सीएम योगी की प्रेरणा से नगर निगम ने एक करोड़ रुपये व्यय कर सौंदर्यीकरण कराया है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस गौरवगाथा से परिचित हो सकें। सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण रविवार शाम मुख्यमंत्री योगी करेंगे।

विरासत के संरक्षण के प्रकल्प से लोगों को जोड़ने साथ सीएम योगी जीवन सुगमता और कारोबार सुगमता से संबंधित दो विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। घंटाघर में अमर बलिदानी बंधु सिंह पार्क में 27.26 करोड़ रुपये की लागत से महानगर की दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग बनाई गई है। इसे बंधु सिंह के ही नाम पर एक कॉम्प्लेक्स बिल्डिंग के रूप में विकसित किया गया है जिसमें 43 दुकानों का भी निर्माण हुआ है। इस कॉम्प्लेक्स में 50 कारों और 200 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी। इस कॉम्प्लेक्स में भी विरासत को सहेजने के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े प्रसंग को दीवारों पर पेंटिंग के जरिये जीवंत किया गया है। इसके अलावा बंधु सिंह पार्क में पहले से अवस्थित रहे प्राचीन शीतला माता मंदिर को कॉम्प्लेक्स के भूतल पर व्यवस्थित किया गया है। मुख्यमंत्री रविवार शाम इस मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे।

रविवार शाम को ही सीएम योगी विरासत गलियारा पांडेयहाता में 34.43 करोड़ रुपये की लागत वाले एक नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स की आधारशिला भी रखेंगे। विरासत गलियारा सड़क चौड़ीकरण परियोजना में प्रभावित दुकानदारों के कारोबारी समायोजन के लिए इस कॉम्प्लेक्स को बनाने के निर्देश मुख्यमंत्री योगी ने नगर निगम को दिए थे। इस कॉम्प्लेक्स के प्रथम भाग में 65 दुकानें बनेंगी, जबकि बेसमेंट में 28 कारों की पार्किंग हो सकेंगी। जबकि द्वितीय भाग में बेसमेंट का निर्माण होगा जहां 54 कारों तथा 68 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी।

नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल का कहना है कि इस कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण के बाद विरासत गलियारा के प्रभावित दुकानदारों को यहां व्यवस्थित किया जाएगा। साथ ही पार्किंग की सुविधा से इस कारोबारी क्षेत्र में आवागमन में काफी सहूलियत हो जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story