क्राइम ब्रांच बातकर दो लोगों को हिरासत में लेकर रुपये वसूलने का आरोप, सुरेरी थाना प्रभारी निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
क्राइम ब्रांच बातकर दो लोगों को हिरासत में लेकर रुपये वसूलने का आरोप, सुरेरी थाना प्रभारी निलंबित


जौनपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पुलिसकर्मियों पर दो लोगों को कथित रूप से अवैध हिरासत में लेकर मारपीट करने और उनके खातों से रुपये ट्रांसफर कराने का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायतों की जांच के बाद जलालपुर और सुरेरी थाने में नामजद समेत अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में सुरेरी के तत्कालीन थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश सिंह को निलंबित किया है।

जलालपुर थाना क्षेत्र के रामपुर सोइरी निवासी विजय राजभर ने आरोप लगाया कि 15 सितंबर को कुछ लोग खुद को क्राइम ब्रांच का बताकर उसकी दुकान से उसे उठाकर सुरेरी थाने ले गए। वहां उसे किचन में रखने, मारपीट करने और तीन लाख रुपये की मांग करने का आरोप है।

पीड़ित के मुताबिक, रुपये नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।

आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसका मोबाइल लेकर यूपीआई के जरिए कई बार रकम ट्रांसफर कराई। इसके बाद घर से एटीएम कार्ड मंगवाकर नकदी भी निकाली गई। पीड़ित के अनुसार उसके खाते से कुल 2.12 लाख रुपये की रकम गई।

इसी तरह वाराणसी के सुशील पांडेय ने भी आरोप लगाया कि उन्हें 13 सितंबर को सुरेरी थाने ले जाकर मारपीट की गई और रुपये देने के लिए दबाव बनाया गया। उनके मामले में भी पुलिसकर्मियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और बैंक लेनदेन समेत अन्य साक्ष्यों को भी शामिल किया गया है। वही, इस मामले में बुधवार को जानकारी लेने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा के निर्देश पर थाना अध्यक्ष को निलंबित कर दिया गया है अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story