चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमले का आरोप, भीम आर्मी ने जांच की मांग
जौनपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने रायबरेली में चंद्रशेखर आजाद के साथ कथित दुर्व्यवहार और उनके काफिले पर हमले के आरोपों की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान चंद्रशेखर आजाद के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। उन्होंने उनके काफिले पर भी हमला किए जाने का आरोप लगाया। इस संबंध में दिए गए ज्ञापन में मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की गई।
ज्ञापन में घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग, पुलिस वायरलेस संदेश, ड्यूटी चार्ट समेत अन्य अभिलेख सुरक्षित कराने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जांच में यदि किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की अभद्रता, अधिकारों के दुरुपयोग अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने काफिले पर हमला करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने तथा चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा, सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने मामले की समयबद्ध जांच कर कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक करने की भी मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

