आरटीओ कार्यालय में कथित धनउगाही के आरोप, जांच के लिए पहुंचे उप परिवहन आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
आरटीओ कार्यालय में कथित धनउगाही के आरोप, जांच के लिए पहुंचे उप परिवहन आयुक्त


आरटीओ कार्यालय में कथित धनउगाही के आरोप, जांच के लिए पहुंचे उप परिवहन आयुक्त


जौनपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में आरटीओ कार्यालय में वाहनों के रजिस्ट्रेशन के नाम पर कथित धनउगाही का मामला सामने आने के बाद शनिवार को उप परिवहन आयुक्त भीमसेन सिंह और एआरटीओ प्रशासन राघवेंद्र सिंह ने कार्यालय पहुंचकर जांच की। अधिकारियों के पहुंचते ही कार्यालय में हड़कंप मच गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रजिस्ट्रेशन कराने के लिए उससे निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त रकम की मांग की गई।

मड़ियाहूं निवासी ट्रक मालिक विनय कुमार सिंह के मुताबिक, उन्होंने करीब तीन करोड़ रुपये की पांच ट्रेलर गाड़ियां खरीदी हैं। इनका रजिस्ट्रेशन कराने के लिए उनकी गाड़ियां चार दिनों से आरटीओ कार्यालय में खड़ी थीं। शुक्रवार को उन्होंने कार्यालय के गेट पर पांचों गाड़ियां खड़ी कर करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया।

विनय सिंह का आरोप है कि कार्यालय में तैनात बाबू गणेश मिश्रा ने प्रत्येक गाड़ी के रजिस्ट्रेशन के लिए 10 हजार रुपये, यानी कुल 50 हजार रुपये की मांग की। उन्होंने कहा कि आरआई ने गाड़ियों की माप कर उन्हें 'ओके' कर दिया था, लेकिन इसके बाद भी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई। उनका कहना है कि वाहनों के खड़े रहने से उन्हें किश्तों का नुकसान हो रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसी समस्याओं के कारण जौनपुर की कई गाड़ियां बिहार में पंजीकृत कराई जा रही हैं। आरआई अशोक यादव ने बताया कि संबंधित बाबू गणेश मिश्रा हाईकोर्ट गए हुए हैं। उनके स्थान पर दूसरे बाबू को नामित कर गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। प्रदर्शन के बाद गाड़ियों को भी हटवा दिया गया है।

शनिवार को जांच के लिए पहुंचे उप परिवहन आयुक्त भीमसेन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाबू गणेश को रजिस्ट्रेशन पटल से हटाकर डिस्पैच पटल का काम सौंपा गया है। इस संबंध में लिखापढ़ी कर शासन को भेजी जा रही है।

वहीं, शिकायतकर्ता विनय सिंह ने कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए कहा कि यदि ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वह मंगलवार तक धरने पर बैठेंगे। उन्होंने दावा किया कि जिले के कई मोटर मालिक ऐसी समस्याओं से परेशान हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story