ग्रीको रोमन एवं फ्री स्टाइल कुश्ती के दोनों वर्गों में पश्चिम रेलवे बनी ओवरऑल चैंपियन

WhatsApp Channel Join Now
ग्रीको रोमन एवं फ्री स्टाइल कुश्ती के दोनों वर्गों में पश्चिम रेलवे बनी ओवरऑल चैंपियन


—बरेका में 67वीं अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता का समापन, पश्चिम रेलवे का रहा दबदबा

—बरेका के पहलवानों ने जीते तीन रजत और दो कांस्य पदक

वाराणसी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में आयोजित 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता-2026-27 का गुरुवार को खेल भावना के बीच भव्य समापन हो गया । तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पश्चिम रेलवे के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रीको रोमन एवं फ्री स्टाइल, दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। उत्तर रेलवे ने दोनों वर्गों में द्वितीय तथा उत्तर पश्चिम रेलवे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, मेजबान बरेका के पहलवानों ने प्रतियोगिता में तीन रजत एवं दो कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने विजेता टीमों एवं पदक विजेता पहलवानों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, कठिन परिश्रम और खेल भावना की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

रोमांचक मुकाबलों में पहलवानों ने दिखाया दमखम

प्रतियोगिता के अंतिम दिन गुरूवार को विभिन्न भार वर्गों में हुए मुकाबलों में पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेच, तकनीक और दमखम से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। फ्री स्टाइल के 97 किग्रा भार वर्ग में पश्चिम रेलवे के प्रवीण कुमार ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि रेलवे सुरक्षा बल के हरदीप सिंह ने रजत पदक हासिल किया। पश्चिम मध्य रेलवे के राहुल राठी और उत्तर रेलवे के विक्की ने कांस्य पदक अपने नाम किया। फ्री स्टाइल के 74 किग्रा भार वर्ग में पश्चिम रेलवे के सौरभ सहरावत ने स्वर्ण तथा उत्तर रेलवे के यश ने रजत पदक जीता। वहीं, बरेका के मुन्ना यादव और उत्तर पश्चिम रेलवे के परविंदर ने कांस्य पदक हासिल किया।

ग्रीको रोमन के 82 किग्रा भार वर्ग में उत्तर मध्य रेलवे के अमन ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि पश्चिम रेलवे के रोहित दहिया ने रजत पदक जीता। मध्य रेलवे के अंकित और उत्तर रेलवे के नीरज ने कांस्य पदक हासिल किया।

ग्रीको रोमन के 63 किग्रा भार वर्ग में उत्तर पश्चिम रेलवे के संदीप ने स्वर्ण, पश्चिम रेलवे के रुपिन ने रजत तथा मध्य रेलवे के चेतन ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

—ओवरऑल चैंपियनशिप में पश्चिम रेलवे का परचम

प्रतियोगिता के समग्र परिणामों में पश्चिम रेलवे ने दोनों शैलियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इसमें ग्रीको रोमन: प्रथम – पश्चिम रेलवे, द्वितीय – उत्तर रेलवे, तृतीय – उत्तर पश्चिम रेलवे।

- फ्री स्टाइल: प्रथम – पश्चिम रेलवे, द्वितीय – उत्तर रेलवे, तृतीय – उत्तर पश्चिम रेलवे।

दोनों वर्गों में पश्चिम रेलवे की इस उपलब्धि ने प्रतियोगिता में उसके शानदार प्रदर्शन को रेखांकित किया।

——13 रेलवे टीमों के पहलवानों ने दिखाया कुश्ती कौशल

उल्लेखनीय है कि 29 सितंबर से 01 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में भारतीय रेल की कुल 13 टीमों—उत्तर रेलवे, मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे, रेल कोच फैक्ट्री, बनारस रेल इंजन कारखाना, रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे, पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड, पश्चिम मध्य रेलवे एवं दक्षिण पश्चिम रेलवे के पहलवानों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल एवं ग्रीको रोमन की कुल 20 भार श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए गए। तीन दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों में पहलवानों के शानदार दांव-पेच और दमदार प्रदर्शन ने कुश्ती केंद्र को उत्साह से सराबोर रखा। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story