बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार के लिए सभी विभाग मिलकर करें काम : नगर आयुक्त
कानपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों का तेजी से सर्वे कर सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ सुधार कार्य शुरू करें, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। यह निर्देश गुरुवार को नगर आयुक्त ने उच्चस्तरीय समिति की बैठक में दिए।
शहर में लगातार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के सुधार और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। इसी उद्देश्य से आयुक्त, कानपुर मंडल की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक आयुक्त की अध्यक्षता में गुरुवार काे आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम, कानपुर विकास प्राधिकरण, मुख्य विकास अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश जल निगम, मेट्रो परियोजना तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में शहर की जर्जर और क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति की समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों की ओर से कराई गई रोड कटिंग और उसके बाद सड़क पुनर्स्थापन कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित प्रारूप के अनुसार अपने-अपने क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों और रोड कटिंग से संबंधित पूरी जानकारी जल्द नगर निगम को उपलब्ध कराएं, ताकि समग्र कार्ययोजना तैयार कर सुधार कार्य में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर रोड कटिंग की अनुमति दी गई थी, वहां तत्काल निरीक्षण कर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए। किसी भी स्थान पर लोगों को आवाजाही में असुविधा नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऐसे सभी स्थलों की सूची तैयार कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक मरम्मत कराई जाए।
बैठक में कच्चे पैचवर्क और स्थायी पैच रिपेयर की जरूरत वाले मार्गों का अलग-अलग विवरण तैयार करने पर भी सहमति बनी। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु समाप्त होते ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर स्थायी मरम्मत के कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर कराए जाएं, ताकि शहर की सड़कें सुरक्षित और सुगम बन सकें।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने और निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन करने का आश्वासन दिया। नगर निगम का कहना है कि विभिन्न विभागों के समन्वय से सड़क सुधार अभियान को गति देकर नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

