चक्रवाती मौसम को लेकर बाराबंकी में अलर्ट, 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका
बाराबंकी 27 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में वज्रपात और भारी वर्षा की संभावना काेे देखते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह ने मंगलवार काे संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जनपद में जन-धन की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को 24 घंटे सक्रिय रखने के साथ उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों, पुलिस, स्वास्थ्य और सिंचाई विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है। सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने कृषि विभाग को किसानों के बीच मौसम संबंधी चेतावनी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए हैं। कटाई के लिए तैयार फसलों की शीघ्र कटाई करने तथा कटी हुई फसल और खुले में रखे अनाज को सुरक्षित एवं ढके स्थानों पर रखने की अपील की गई है। ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में जर्जर एवं असुरक्षित भवनों को चिह्नित कर उनमें रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे लोगों को राहत शिविरों या अन्य सुरक्षित भवनों में स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। वज्रपात के समय खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा सुरक्षित पक्के भवनों में आश्रय लें। मौसम संबंधी सूचनाओं के लिए आधिकारिक चेतावनियों पर भरोसा करें और अफवाहों से बचें। किसी भी क्षेत्र में जनहानि, पशुहानि, मकान या फसल क्षति की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर आकलन करने और राहत एवं बचाव की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना देने की अपील की है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

