हम त्योहारों पर एक-दूसरे के गले मिलते हैं, यही हमारी हिंदुस्तानियत है : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
हम त्योहारों पर एक-दूसरे के गले मिलते हैं, यही हमारी हिंदुस्तानियत है : अखिलेश यादव


प्रयागराज, 28 फ़रवरी (हि.स.)। शहर के सम्मानित उद्योगपति एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इक़बाल शेरवानी द्वारा आयोजित रोजा-इफ्तार कार्यक्रम में शनिवार काे शामिल होने पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि “हम त्योहारों पर एक-दूसरे के गले मिलते हैं, यही हमारी हिंदुस्तानियत है। यह हमारे देश की सबसे बड़ी पहचान है। सदियों से यहां लोग मिलजुल कर रहते आए हैं।

उन्होंने वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि सपा सरकार में हर जिले का अलग मैनिफेस्टो होगा, जिससे स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में प्रयागराज के विकास पर 60 हजार करोड़ रुपये खर्च करने का दावा किया है, लेकिन गंगा आज भी पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है और यमुना में गंदे नाले गिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर में ट्रैफिक जाम बड़ी समस्या बना हुआ है और सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं। सपा सरकार बनने पर प्रयागराज का चतुर्दिक विकास किया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा समाजवादी चिंतक बनने के लिए जयप्रकाश नारायण की तस्वीर और नाम का इस्तेमाल करती है और अब जेपीएनआईसी की सफाई कराई जा रही है।

शंकराचार्य प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अपने विरोधियों को परेशान करने के लिए हर हथकंडा अपनाती है। न्यायालय से शंकराचार्य जी और दिल्ली में अरविंद केजरीवाल को न्याय मिला, जिसकी उम्मीद न्यायपालिका से थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विदाई से पहले विदेश यात्रा पर चले गए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story