चौरीचौरा से अखिलेश यादव का बड़ा सियासी दांव! 20 किमी के मेगा रोड शो से साधेंगे पूर्वांचल, निषाद पार्टी के गढ़ में सेंधमारी की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now

गोरखपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 18 नवंबर को बड़ा सियासी शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे हैं। करीब ढाई साल बाद गोरखपुर पहुंच रहे सपा प्रमुख की नजर सिर्फ एक कार्यक्रम पर नहीं, बल्कि गोरखपुर और बस्ती मंडल की 41 विधानसभा सीटों पर सियासी प्रभाव बढ़ाने पर है। चौरीचौरा की ऐतिहासिक क्रांतिकारी धरती से अखिलेश पूर्वांचल की राजनीति को नया संदेश देने की तैयारी में हैं।

कार की जगह पीडीए रथ, 20 किलोमीटर का होगा रोड शो

अखिलेश यादव के कार्यक्रम को भव्य और प्रभावशाली बनाने के लिए तैयारियों में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक कार से जाने का कार्यक्रम था, लेकिन अब विशेष पीडीए रथ के जरिए करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला जाएगा। एयरपोर्ट से चौरीचौरा क्षेत्र के देवकहिया गांव तक होने वाला यह रोड शो गोरखपुर शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। करीब दो घंटे के इस रोड शो के जरिए सपा अपनी ताकत और जनसमर्थन का प्रदर्शन करेगी।

निषाद पार्टी के गढ़ में सेंधमारी की रणनीति, टप्पू सिंह की होगी एंट्री

अखिलेश यादव के इस दौरे का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा है। यहां निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के छोटे बेटे ई. सरवन निषाद विधायक हैं। सपा अब इस क्षेत्र में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की तैयारी में है। इसी रणनीति के तहत प्रभावशाली स्थानीय नेता टप्पू सिंह को पार्टी में शामिल कराने की तैयारी है। टप्पू सिंह पिछले विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में करीब 30 हजार वोट हासिल कर चुके हैं। ऐसे में उनकी सपा में एंट्री से चौरीचौरा का सियासी समीकरण प्रभावित होने की संभावना है।

श्रद्धांजलि सभा और प्रतिमा अनावरण के बहाने बड़ा राजनीतिक संदेश

अखिलेश यादव देवकहिया गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण और श्रद्धांजलि सभा प्रस्तावित है। सपा इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। पार्टी नेताओं का दावा है कि गोरखपुर समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचेंगे।

खास बात यह है कि अखिलेश यादव के दौरे के अगले ही दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में मुख्यमंत्री के गृह जनपद में सपा का यह मेगा रोड शो राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि चौरीचौरा की धरती से अखिलेश यादव का यह सियासी दांव पूर्वांचल की राजनीति में कितना असर छोड़ता है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778820 Articles

Share this story