प्रयागराज में अखिलेश यादव के दौरे के दौरान मेजा विधायक से नाराज लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
प्रयागराज, 29 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रयागराज दौरे के दौरान पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आया। सपा के कुछ कार्यकर्ताओं के एक समूह ने कार्यक्रम स्थल के बाहर प्रदर्शन करते हुए मेजा विधानसभा से सपा विधायक संदीप पटेल के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे तथा नारे लगाए— अखिलेश तुझसे बैर नहीं, लेकिन संदीप पटेल तेरी खैर नहीं। इस दौरान कुछ समय के लिए होटल के बाहर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मेजा सीट से किसी दूसरे को टिकट दिया जाय।
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप था कि विधायक की कार्यशैली से पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्र की आम जनता नाराज है। उनका कहना था कि पार्टी नेतृत्व को उम्मीदवार चयन के समय इन शिकायतों को गंभीरता से लेना चाहिए और किसी समर्पित एवं पुराने कार्यकर्ता को चुनाव मैदान में उतारना चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने यह भी चेतावनी दी कि यदि संदीप पटेल को दोबारा टिकट दिया गया तो पार्टी के कई पुराने कार्यकर्ता उनका समर्थन नहीं करेंगे, जिससे आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि जिस समय अखिलेश यादव प्रदेश की सरकार पर भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों को लेकर हमला बोल रहे थे, उसी दौरान उनकी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं का अपने ही विधायक के खिलाफ प्रदर्शन संगठन के भीतर असंतोष की चर्चा का विषय बन गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

