कार्यकर्ता ‘जन-मन का मैनिफेस्टो 2027’ घर-घर पहुंचाए : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
कार्यकर्ता ‘जन-मन का मैनिफेस्टो 2027’ घर-घर पहुंचाए : अखिलेश यादव


लखनऊ, 28 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी के संभावित प्रत्याशियों, संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से ‘जन-मन का मैनिफेस्टो 2027’ यानी पीडीए का प्रणपत्र आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़े सभी लोगों का प्रयास होना चाहिए कि वे जनता को प्रणपत्र की घोषणाओं और उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दें।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शनिवार को पोस्ट कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से मुक्ति का उपाय अपनी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) सरकार बनाना है। अब तक लोगों ने दूसरों की सरकार बनाई है, लेकिन इस बार अपनी पीडीए सरकार बनाएंगे और हर संकट से मुक्ति पाएंगे।

उन्होंने पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे महिलाओं के बीच जाकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हर साल 40 हजार रुपये देने, मोबाइल उपलब्ध कराने, पीडीए के उत्थान से जुड़ी योजनाओं और बच्चों की शिक्षा के लिए स्कूलों के महत्व के बारे में बताएं। साथ ही युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार को लेकर पार्टी की ओर से किए गए वादों की जानकारी भी दें।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं को पीडीए के अर्थ को भी जनता के बीच स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने पीडीए को ‘पीड़ित, दुखी और अपमानित’ वर्गों से जोड़ते हुए पार्टी के चुनाव चिह्न साइकिल का बटन दबाने की अपील करने को कहा।

अखिलेश यादव ने पीडीए की एक नई व्याख्या भी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि आम जनता के लिए पीडीए का अर्थ ‘पढ़ाई, दवाई और आमदनी’ है। पार्टी के कार्यकर्ताओं को इसी संदेश के साथ जनता के बीच पहुंचकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए जनसंपर्क

करना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story