मतदाता सूची में एक भी फर्जी नाम न जुड़े और सही वोट न कटे, पीडीए प्रहरी सतर्क रहें : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
मतदाता सूची में एक भी फर्जी नाम न जुड़े और सही वोट न कटे, पीडीए प्रहरी सतर्क रहें : अखिलेश यादव


लखनऊ, 25 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से गांवों और मोहल्लों में जाकर मतदाताओं से संपर्क करने तथा उन्हें पार्टी के पक्ष में समर्थन देने की अपील करने को कहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। यह चुनाव वोट के अधिकार, लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई है।

अखिलेश यादव ने बुधवार को सपा प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कथित तौर पर वोटर लिस्ट में धांधली और फर्जी मतदाता बनवाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि वे भाजपा की गतिविधियों से सतर्क रहें और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि कन्नौज समेत पूरे प्रदेश में पार्टी के प्रत्येक पीडीए प्रहरी को निर्वाचन आयोग की गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए। मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर उसके सबूत जुटाएं। यह सुनिश्चित किया जाए कि न तो कोई फर्जी वोटर सूची में शामिल हो और न ही किसी वास्तविक मतदाता का नाम कटे।

ईवीएम पर सवाल उठाते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता के मन में इसकी विश्वसनीयता को लेकर सवाल हैं। उन्होंने चंडीगढ़ के चुनाव से जुड़े विवाद का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि जनता उसके तौर-तरीकों से परिचित है।

अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच लगातार बने रहने और भाजपा सरकार की नीतियों एवं कथित अनियमितताओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने भाजपा पर नफरत और भेदभाव की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है। सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार व्याप्त है और बजट का दुरुपयोग हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी खराब है तथा गरीबों को अस्पतालों में समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में समाज के हर वर्ग का अपमान हुआ है। अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783241 Articles

Share this story