सपा सरकार बनने पर फिर शुरू होगा यश भारती सम्मान, पुरस्कार राशि होगी एक लाख : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
सपा सरकार बनने पर फिर शुरू होगा यश भारती सम्मान, पुरस्कार राशि होगी एक लाख : अखिलेश यादव


सपा सरकार बनने पर फिर शुरू होगा यश भारती सम्मान, पुरस्कार राशि होगी एक लाख : अखिलेश यादव


सपा सरकार बनने पर फिर शुरू होगा यश भारती सम्मान, पुरस्कार राशि होगी एक लाख : अखिलेश यादव


लखनऊ, 22 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि साल 2027 में सपा की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान फिर से शुरू करने और इसकी पुरस्कार राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये करने की घोषणा की। उन्होंने चिकित्सकों के लिए ‘वन बॉन्ड, वन सैलरी’ व्यवस्था लागू करने का भी ऐलान किया। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी मेडिकल के छात्रों को भरोसा दिलाती है कि सरकार बनने पर इस व्यवस्था को लागू करने का काम किया जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार के दौरान यश भारती सम्मान की राशि 50 हजार रुपये थी, जिसे सत्ता में लौटने पर बढ़ाकर एक लाख रुपये किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आज एक बार फिर इन संकल्पों को दोहरा रही है।

अखिलेश ने कहा कि जिस तरह केंद्र सरकार ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की बात करती है, उसी तरह चिकित्सकों के लिए ‘वन बॉन्ड, वन सैलरी’ की व्यवस्था लागू करने का काम समाजवादी पार्टी करेगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान और प्रोत्साहन नेताजी मुलायम सिंह यादव की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। वह किसी भी क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले व्यक्ति को सम्मानित करने में हमेशा आगे रहते थे।

उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव की जयंती पर जरूरतमंद विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए जा रहे हैं। नेताजी हमेशा बच्चों की शिक्षा और उनके प्रोत्साहन पर जोर देते थे। अखिलेश ने कहा कि पार्टी अब रूठे लोगों को मनाने का काम भी कर रही है।

इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि नेताजी की जयंती पर विभिन्न विद्यालयों के जरूरतमंद बच्चों को लैपटॉप दिए गए हैं। नेताजी ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया था। बच्चों की शिक्षा को लेकर भी उनकी विशेष चिंता रहती थी। वह हमेशा कहते थे कि किसी गरीब और असहाय व्यक्ति को नहीं भूलना चाहिए।

शिवपाल यादव ने कहा कि नेताजी के नहीं रहने से आज भी उनकी कमी महसूस होती है। यदि वह हमारे बीच होते तो संगठन को और मजबूती मिलती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नेताजी के सपनों को पूरा करने का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव, बेटी अदिति यादव और पार्टी के अन्य नेतागण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781348 Articles

Share this story