भाजपा की विदाई का समय आ गया : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा की विदाई का समय आ गया : अखिलेश यादव


लखनऊ, 21 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन नेताओं ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल होने वालों में मऊ के उत्पल राय, एनसीआर के अनिल कसाना और सीतापुर के अवधेश चौहान रहें।

इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा की शानदार विदाई करने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा और सीतापुर में भी पार्टी शून्य पर पहुंच जाएगी।

अखिलेश यादव राजधानी लखनऊ में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा के नारे पर तंज कसते हुए कहा कि, कमल मुरझा गया है, इसलिए नारा लगा रहे हैं- राधे-राधे, कमल खिला दे। हमारे यहां तो विदाई के समय राधे-राधे कहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग भी जानते हैं कि इस बार जनता उन्हें हराने जा रही है। चुनाव की तारीख घोषित होने के दिन ही भाजपा अपनी हार समझ जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हटेगी तो संकट मिटेगा और लोगों को न्याय एवं सम्मान मिलने का रास्ता खुलेगा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में बड़ी संख्या में ऐसे लोग शामिल हो रहे हैं, जो समाजवादी आंदोलन को मजबूत करने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा के साथ जुड़ने वालों की संख्या बढ़ रही है।

मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के वोटों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और चुनाव आयोग भाजपा के साथ मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि सपा उन अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग को पत्र लिखेगी, जिन्होंने पिछले दस वर्षों से भाजपा के पक्ष में काम किया है। पार्टी ऐसे अधिकारियों की भूमिका को आयोग के संज्ञान में लाएगी।

अग्निवीर योजना को लेकर भी अखिलेश यादव ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब भी समाजवादी पार्टी को सरकार में काम करने का मौका मिलेगा, तो अग्निवीर जैसी व्यवस्था को हमेशा के लिए खत्म कर दिया जाएगा। उनके मुताबिक, युवाओं के भविष्य और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर समाजवादी पार्टी अपनी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ेगी।

वहीं, जल जीवन मिशन में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई योजना में लूट हुई है। उन्होंने कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार में माहिर है और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं में भी गड़बड़ी के आरोप सामने आ रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781163 Articles

Share this story