भाजपा सरकार ले आई ‘कोचिंग बंदी’ : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार ले आई ‘कोचिंग बंदी’ : अखिलेश यादव


लखनऊ, 25 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को जारी पत्र में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ‘कोचिंग बंदी’ ले आई।

भाजपा अपना भ्रष्टाचार छिपाने के लिए जनता को सुरक्षा मानकों के नाम पर परेशान कर रही है। माना सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए लेकिन क्या पिछले 10 साल से सरकार सो रही थी। सरकार के पास 01 दिन में इतना स्टॉफ कहाँ से आया कि पूरे प्रदेश में हजारों लोगों को जाँच के बाद नोटिस थमा दिया गया। सच्चाई ये है कि अब सुरक्षा मानकों और अनुमति आदि के नाम पर करोड़ों की उगाही का खेल शुरू हो गया है। भाजपाई आपदा में सम्पदा ढूँढ लेते हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि कोचिंग संस्थानों को बंद करने से, उन लाखों बच्चों का क्या होगा जो तैयारी कर रहे हैं। इससे अच्छा तो नोटिस देकर सुरक्षा मानकों के लिए तुरंत व्यवस्था करने के निर्देश दिए जाएं, जिससे किराये पर रह रहे बच्चों के कोर्स समय पर खत्म हो सकें। इस तरह की ‘कोचिंग बंदी’ से तो महंगाई से परेशान लोगों के खर्चे और भी बढ़ जाएंगे।

उन्होने कहा कि भाजपा अगर अपनी ‘भ्रष्टाचार बंदी’ कर दे तो हर समस्या का हल निकल आए। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर हैं इस सरकार में कोई विभाग और क्षेत्र भ्रष्टाचार से अछूता नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story