मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का पलटवार, टिकटार्थियों के बाद अधिकारी और ठेकेदार मिलके कर रहे ‘ढुंढाई पंचायत’

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का पलटवार, टिकटार्थियों के बाद अधिकारी और ठेकेदार मिलके कर रहे ‘ढुंढाई पंचायत’


लखनऊ, 18 जून (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं योगी सरकार में पंचायती राज विभाग के मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर टिकट के नाम एडवांस लिए जाने का दावा किया है। अखिलेश ने मंत्री राजभर के समाजवादी पार्टी टूटने वाले दावे पर पलटवार करते हुए उक्त बात कही गई है।

अखिलेश यादव ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट में लिखा कि कल तक तो ‘अफ़वाही’ मंत्री को केवल वो भावी प्रत्याशी ही ढूँढ रहे थे जिनसे इन्होंने टिकट के नाम पर एडवांस वसूल लिया था, लेकिन अब जो जान गये हैं कि ‘30 सीट’ की बात अफ़वाह है। न तो इन्हें एक भी सीट मिल रही है और ले-देकर मिल भी गई तो भी ये जीतने वाले नहीं हैं।

इनकी सच्चाई बाहर आते ही अब तो सुना है, वो एई, जेई और एएमए अधिकारी और विभागीय ठेकेदार भी इनको ढूँढने के लिए मिल-बैठकर ‘पंचायत’ कर रहे हैं, जिनसे ट्रांसफ़र-पोस्टिंग व कॉन्ट्रैक्ट दिलवाने के नाम पर इन्होंने एडवांस वसूल लिया है।

सपा अध्यक्ष ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जिस काली-कमाई के पैसे के बल पर इनके ‘बड़े बोल’ निकल रहे हैं, अब वह पैसा ही इनके ख़िलाफ़ ‘पंचायत’ बैठा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story