भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था बर्बाद : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था बर्बाद : अखिलेश यादव


लखनऊ, 28 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। राजधानी लखनऊ में भी दिन दहाड़े हत्याएं हो रही है। अपराधी बेखौफ हत्याएं कर रहे हैं। अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो हो चुका है।

अपराधियों में पुलिस प्रशासन का भय नहीं है। लखनऊ में पीजीआई थाना क्षेत्र में रियल स्टेट कारोबारी की सरेआम हत्या हो गयी। प्रदेश में गाजियाबाद से लेकर गाजीपुर तक हर दिन हत्या की कई-कई घटनाएं हो रही है।

भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। भाजपा सरकार में असली अपराधी सत्ता के संरक्षण में बच निकलते हैं और राजनीतिक कारणों से निर्दोशों का फंसा दिया जाता है। इसी कारण से कानून व्यवस्था ठीक होने के बजाय खराब होती जा रही है।

महोबा में मंगलवार को बकरी चराने गया व्यक्ति का शव कुंए में मिला, महोबा में ही खेत में झोपड़ी में सो रहे किसान की हत्या हो गयी। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री कानून-व्यवस्था और अपराध को लेकर गुमराह करते हैं जबकि सच्चाई यह है कि देश में सबसे ज्यादा अपराध उत्तर प्रदेश में हो रहे हैं।

महिलाओं और बच्चियों के साथ अपराध के मामले में उत्तर प्रदेश देश में नम्बर एक पर है। दलित उत्पीड़न की घटनाओं में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर है। भाजपा सरकार अपराधियों के साथ कार्रवाई में भेदभाव करती है। दबंगों, अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिलने से उनका मनोबल बढ़ा हुआ है। भाजपा सरकार प्रदेश से हटेगी तभी अपराध खत्म होंगे और कानून व्यवस्था में सुधार होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story