भाजपा ने बंगाल में आधिकारियों से मिलकर किया नतीजों में उलटफेर : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने बंगाल में आधिकारियों से मिलकर किया नतीजों में उलटफेर : अखिलेश यादव


लखनऊ, 06 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को मिली बड़ी हार को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार और चुनाव आयोग को घेरते हुए लोकतंत्र में इसे वोट की डकैती डालने वाला बताया।

अखिलेश यादव ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ के पार्टी मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस करते हुए पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बंगाल में अफसरों और भाजपा की मिलीभगत से चुनाव के नतीजों में बड़ा उलटफेर किया है। इसे मल्टीलेयर इलेक्शन माफियाओं का खेल कहा जाता है।

अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के 2022 के विधानसभा चुनाव की तुलना अखिलेश यादव ने बंगाल चुनाव के नतीजों से की। उन्होंने कहा कि जो बंगाल की जनता ने फेस किया या देखा है, ये हम 2022 में देख चुके हैं। 2022 में बहुत सारी विधानसभा में सेंट्रल फोर्स लगा कर इन्होंने (भाजपा) ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को पोलिंग स्टेशन, काउंटिंग स्टेशन से निकाल कर रिजल्ट बदला था।

अखिलेश ने अयोध्या की कुंदरकी विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर भाजपा सरकार पर वोटों में डकैती डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुंदरकी विधानसभा में 2012 में समाजवादी पार्टी को 37 प्रतिशत वोट मिला। बीजेपी को 29 फीसद वोट मिला। 2017 में सपा को 42 प्रतिष्ठा वोट मिला, बीजेपी को 37 फीसद वोट मिला। 2022 में 46 प्रतिशत वोट मिला और बीजेपी को 30 प्रतिशत वोट मिला।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि 2024 में जब उपचुनाव हुआ तब सपा जिसे 37, 42, 46 प्रतिशत वोट मिलता था उसे 12 फीसदी वोट मिला, वहीं भाजपा जिसे 29, 37 और 30 प्रतिशत वोट मिलता था, उसे 77 प्रतिशत वोट मिला। ये मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया का खेल है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2024 लोकसभा चुनाव के पोस्टर दिखा कर भाजपा पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि हम लोग लगातार कहते रहे हैं कि किस तरीके से भाजपा चुनाव को मैनेज करती है या जीतती है। हम लोग इसी हॉल में कई बार बैठे हैं। उपचुनाव के समय भी, उपचुनाव से पहले भी और आपको याद होगा कि 2024 में जब लोकसभा का चुनाव था, उस समय भी हम लोग चर्चा पर यहां आकर बैठे थे और हम लोगों को यह ऐलान करना पड़ा था कि रिजल्ट के लिए करो या मरो। इसके लिए उम्मीदवारों और नेताओं से आह्वान किया था कि जब तक बड़ी संख्या में लोग मतदान करने पहुंचें, तभी प्रशासन से आपको अपना सर्टिफिकेट और परिणाम मिलेगा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कार्यकर्ताओं और जिन्होंने समर्थन किया था, उनका धन्यवाद और आभार, जो तस्वीर बाय इलेक्शन में देखी थी। जो माताएं बहनें इस रिवाॅल्वर के सामने खड़ी दिखाई दे रही हैं। मैं उन बहादुर महिलाओं से मिला भी था। उनका सम्मान भी किया था कि जिन्होंने लोकतंत्र की और अपने मतदान की, अपने वोट की रक्षा करने के लिए जान की परवाह नहीं की और उस अधिकारी का सामना किया जो अधिकारी रिवॉल्वर तान करके और उन्हें वोट डालने से रोक रहा था। मैंने 2 लाख रुपये से उन परिवार के लोगों की मदद की थी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इंडिया(आईएनडीआईए/इंडी) गठबंधन ने लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हराया, जिससे ऐसी सरकार बनी जो पूर्ण बहुमत की नहीं थी।

इस दौरान अखिलेश यादव ने आईएससी बोर्ड में गोरखपुर की टॉपर छात्रा आराधना को सम्मानित किया और लैपटॉप भेंट करते हुए उज्जवल भविष्य की बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story