सपा ने महिला आरक्षण लागू न करने पर निंदा प्रस्ताव किया पारित

WhatsApp Channel Join Now
सपा ने महिला आरक्षण लागू न करने पर निंदा प्रस्ताव किया पारित


सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी विधायकों के साथ की बैठकसपा ने महिला आरक्षण फौरन लागू करने की मांग की

लखनऊ, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा का गुरुवार को होने वाले एक दिवसीय विशेष सत्र काे लेकर सत्ता दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्ष ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। भाजपा संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले नारी वंदन विधेयक पारित न

हाेने पर विपक्ष काे घेरेगा। वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) ने इससे निपटने को लेकर अपनी रणनीति बना ली है। विशेष सत्र से एक दिन पहले बुधवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी विधायकों एवं पदाधिकारियों के साथ राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में एक अहम बैठक की। इस दौरान सपा ने विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर निंदा प्रस्ताव पारित किया है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की उपस्थिति में पार्टी की बैठक में सरकार के खिलाफ 16 सूत्रीय निंदा प्रस्ताव पेश किया गया। पार्टी विधायकों ने सर्वसम्मति से महिला आरक्षण बिल के आधार पर महिलाओं को आरक्षण देने का प्रस्ताव पास किया। साथ ही सपा ने संसद में पारित हाे चुके महिला आरक्षण बिल के बाद भी आरक्षण लागू न करने पर भाजपा के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया।

सपा की बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार में पास हो चुके महिला आरक्षण बिल को भाजपा लागू क्यों नहीं करती है। इसकी पीछे सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं है। भाजपा सरकार की नियत महिलाओं को आरक्षण देने की नहीं है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहती है कि फौरन महिलाओं को आरक्षण दिया जाए। सपा अध्यक्ष ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि जो एक्ट बन गया है, जिसमें महिला आरक्षण बिल कानून बन गया है, अगर भारतीय जनता पार्टी चाहे तो अगले ही चुनाव में उसे लागू कर सकती हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि इनकी सरकार में सबसे ज्यादा महिलाएं एवं बेटियां असुरक्षित हैं। भाजपा किसी की भी सगी नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरा उत्तर प्रदेश इस बार समाजवादी पार्टी के पक्ष में है। समाजवादियों के पक्ष में हवा चल रही है। जबकि भारतीय जनता पार्टी अपने दिन गिन ले। इस सरकार में किसान, नौजवान, महिलाएं हर वर्ग ये जान गया है कि बुरे दिन जाने वाले हैं।

एक सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जोड़ने का काम करती है। ये नाम संविधान से लिया हुआ नाम है। समाजवादी पार्टी भेदभाव को मिटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि हम सब लोग नेताजी के ही रस्ते पर पहले दिन से चल रहे हैं।

बंगाल में ममता दीदी की होगी ऐतिहासिक जीत

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी (दीदी) ऐतिहासिक वोटों से जीतने जा रही हैं। मैं बंगाल के एक एक मतदाता से अपील करता हूं कि ममता दीदी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी)की मदद करें। अखिलेश ने दावा किया कि चुनाव खत्म होते ही आज की रात से ही सरकार हिसाब किताब लगाने लगेगी कि किस-किस चीज़ को महंगा करना है। महंगाई बढ़ने जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story