भाजपा विपक्ष में बैठने की अभी से कर रहा प्रैक्टिस : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा विपक्ष में बैठने की अभी से कर रहा प्रैक्टिस : अखिलेश यादव


लखनऊ, 21 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अगले साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व और बढ़ती गर्मी के बीच इन दिनों प्रदेश में सियासी पारा भी हाई होता जा रहा है। प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जहां भाजपा ने विपक्ष को घेरने के लिए पदयात्रा निकालते हुए हमला बोला, तो वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा पर जुबानी काउंटर अटैक किया।

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित किया। उन्होंने सुबह भाजपा की ओर से निकाली पदयात्रा पर चुटकी ली। अखिलेश ने कहा कि सुना है लखनऊ में पदयात्रा हो रही थी और इतनी भीषण गर्मी में कोई काला चश्मा नहीं लगाए था। उन्होंने कहा कि ये प्रैक्टिस है कि विपक्ष में ऐसे ही आंदोलन करना पड़ेगा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि हम समाजवादी लोग हमेशा महिलाओं के आरक्षण के पक्ष में रहे हैं। अगर कोई आरक्षण को रोकना चाहता है तो वो भारतीय जनता पार्टी है, उसकी बदनीयत को हम लोग कामयाब नहीं होने देंगे। ये हक, अधिकार और आरक्षण नहीं देना चाहते, इसलिए चुपचाप डिलीमिटेशन कराना चाहते थे महिला आरक्षण के बहाने।

जब जातीय जनगणना की मांग होगी तो हक, अधिकार और आरक्षण की बात होगी। इसीलिए भारतीय जनता पार्टी के लोग जनगणना नहीं कराना चाहते। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्ष 2027 के चुनाव में भाजपा हारेगी भी और कभी दोबारा आएगी नहीं।

उन्होंने भाजपा सरकार में नाम बदलने के मामले में तंज कसते हुए कहा कि जो दूसरों का नाम बदलते थे उनका ही नाम बदल गया बंगाल जाते जाते।

अखिलेश ने कहा कि इतिहास में पहली बार होने जा रहा है कि एक समुदाय एक दल को हराने जा रहा है और उस समुदाय का नाम है पीडीए। आने वाले समय में सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए पीडीए सरकार बनाने जा रहे हैं।

उन्होंने शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण पर भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर प्राइमरी एजुकेशन को बेहतर किया जाएगा। साथ शिक्षा के व्यवसायिक होने पर अंकुश लगाया जाएगा।

पार्टी में बड़ी संख्या में शामिल हुए अन्य दलों के नेता

अखिलेश यादव की उपस्थिति में बहुजन समाज पार्टी (बसपा), राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) से आए नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ली। सपा अध्यक्ष ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि आज ऐतिहासिक दिन इसलिए भी है क्योंकि बड़ी संख्या में लोग समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। जो पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का संघर्ष है, उसमें आप सब लोग शामिल होकर हमें और मजबूत बनाने का काम कर रहे हैं। अखिलेश ने बसपा से आए एमएच खान को पार्टी में शामिल करते हुए प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी दी। उन्होंने कहा कि अब आप टीवी पर हमारा पक्ष (सपा) रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story