भाजपा सरकार ने 10 सालों में सबसे ज्यादा पीडीए पर किया अत्याचार : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा सरकार ने 10 सालों में सबसे ज्यादा पीडीए पर किया अत्याचार : अखिलेश यादव


भाजपा सरकार ने 10 सालों में सबसे ज्यादा पीडीए पर किया अत्याचार : अखिलेश यादव


लखनऊ, 26 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में भेदभाव, अन्याय, अत्याचार चरम पर है। भाजपा सरकार के 10 साल में पीडीए वर्ग पर अत्याचार की इंतहा हो गई है। सरकार ने बड़े पैमाने पर फेंक एनकाउंटर कराये हैं। इन फर्जी एनकाउंटर में 85 फीसदी पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के लोग मारे गये हैं। इस सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल रहा है।

सपा अध्यक्ष मंगलवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा सरकार के 10 साल में पीडीए वर्ग पर हुए अत्याचार के आंकड़ों की एक पुस्तिका जारी की। पुस्तिका में भाजपा सरकार के पीडीए के साथ किये गये फर्जी एनकाउंटर पीडीए के घरों पर चलवाये गये बुलडोजर, पुलिस हिरासत में हुई मौतों और उत्तर प्रदेश की जेलों में अंडर ट्रायल कैदियों का जातीय ब्योरा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जब डगमगाने लगती है तो फर्जी एनकाउंटर कराती है। साथ ही और ज्यादा कम्युनल हो जाती है। भाजपा सरकार अपने भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए फेक एनकाउंटर कराती है। फर्जी एनकाउंटर भाजपा सरकार की नाइंसाफी, जुर्म और ज्यादती का सबसे घिनौना रूप है। फर्जी एनकाउंटर के जरिए भाजपा सियासी साजिश करती है। जाति-धर्म देखकर फर्जी एनकाउंटर कराती है। इससे प्रदेश का सामाजिक सौहार्द बिगड़ता है। जाति आधारित फर्जी एनकाउंटर सामाजिक न्याय के राज को खारिज करता है। भाजपा सामाजिक न्याय विरोधी है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पक्षपाती एनकाउंटर पूरी तरह संविधान विरोधी अपराधिक कृत्य है। फर्जी एनकाउंटर नाकाम सरकार की पहचान होते हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार एनकाउंटर के बहाने पीडीए को डराकर उसका हक मारना चाहती है। भाजपा सरकार में सरकारी स्तर पर फर्जी एनकाउंटर का पूरा एक अपराध तंत्र खड़ा कर दिया है। फर्जी एनकाउंटर से घूसखोरी और काली कमाई का कुचक्र शुरू होता है। फर्जी एनकाउंटर मानवाधिकार की हत्या करता है। उन्होंने कहा कि कस्टोडियल डेथ भी एक तरह का फर्जी एनकाउण्टर है, जिसमें भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में नम्बर एक पर है। ये भाजपा राज की बेहद शर्मिंदा करने वाली करतूतों का नतीजा है जो बेहद चिंतनीय भी है और निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का इतिहास गवाह है कि जो सरकारें एनकाउंटर करवाती हैं। मौका आने पर जनता एक न एक दिन चुनावी तरीके से उसका एनकाउंटर कर देती है। इसीलिए लोकतंत्र आज तक जिंदा है और फर्जी एनकाउंटर और अत्याचार करने वाली सरकारें काले इतिहास में दम तोड़ देती है। उन्होंने कहा कि इतिहास फिर दोहराया जाएगा और फर्जी एनकाउंटर वाली भाजपा सरकार को हराया जाएगा और हमेशा के लिए हटाया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि फर्जी एनकाउंटर करके भाजपा ने प्रदेश की छवि धूमिल की है। उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर वर्चस्व की धाक जमाने के लिए किए जाते हैं। फ़र्जी एनकाउंटर से भाजपा सरकार आम जनता पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाना चाहती है। फ़र्जी एनकाउंटर से लॉ एंड आर्डर संभलता नहीं बल्कि और बिगड़ता है क्योंकि इससे पुलिस में भ्रष्टाचार फैलता है। फ़र्जी एनकाउंटर को सही साबित करने के लिए कुछ भ्रष्ट वकील मनगढ़ंत कनपुरिया किस्सा बनाते हैं और फिर वो अधिकारियों और सरकार को ही ब्लैकमेल करते हैं। फर्जी एनकाउंटर में जो मारे जाते हैं उनको मारने वाले भी आखिर में वैधानिक और सामाजिक रूप से मारे जाते हैं क्योंकि फर्जी एनकाउंटर में संलिप्त पुलिस जब फँसती है, तो भाजपा सरकार उससे मुँह मोड़ लेती है। फर्जी एनकाउंटर में संलिप्त पुलिसवालों को जब जेल होती है तो उनके परिवारवाले सामाजिक अपमान का शिकार होते हैं। जनता उनके मान-सम्मान का सोशल एनकाउंटर कर देती है। फर्जी एनकाउंटर में संलिप्त पुलिसवालों को जेल की घुटन भरी, कालकोठरी के अंधेरे में जब तक ये समझ आता है कि भाजपा किसी की सगी नहीं है तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story