पीडीए रथ पर सवार हुए अखिलेश, रायबरेली में हुआ जोरदार स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
पीडीए रथ पर सवार हुए अखिलेश, रायबरेली में हुआ जोरदार स्वागत


पीडीए रथ पर सवार हुए अखिलेश, रायबरेली में हुआ जोरदार स्वागत


रायबरेली, 24 सितम्बर (हि. स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए चुनावी अभियान की शुरुआत गुरुवार काे रायबरेली से कर दी। अखिलेश पीडीए रथ पर सवार होकर रायबरेली पहुंचे व रथ से ही सभी का अभिवादन किया। रास्ते भर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

अखिलेश यादव रायबरेली के बछरावां क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर चुरूवा टोल प्लाजा के पास समाजवादी पार्टी की पीडीए रथ(बस) में सवार हुए,यहां सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह दिखा और उन्होंने फूल-मालाओं से अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत किया। रथ के अगल-बगल कारों का काफ़िला चल रहा था व डीजे की धुन पर कार्यकर्ता डांस कर रहे थे। अखिलेश यादव ने चूरूवा में प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में दर्शन किये,उन्हें गदा भेंट की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपने नेता का अभिवादन किया। अखिलेश यादव ने भी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार किया। भारी भीड़ के कारण अखिलेश यादव का रथ धीरे-धीरे चल रहा था और सड़क पर ट्रैफिक जाम की स्तिथि बन गई। अखिलेश के काफ़िले में राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) दिनेश सिंह की भी कार फंस गई। हालांकि जाम में फंसी एक एम्बुलेंस को रास्ता देकर सपा समर्थकों ने निकाला। रायबरेली शहर के आटीआई तिराहे पर दाे बुलडोजरों से अखिलेश को 21 किलो की माला पहनाई गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

Share this story