अखिलेश यादव ने हॉस्पिटल पहुंचकर भाजपा नेता अनुपमा जायसवाल का हालचाल लिया

WhatsApp Channel Join Now
अखिलेश यादव ने हॉस्पिटल पहुंचकर भाजपा नेता अनुपमा जायसवाल का हालचाल लिया


- सपा अध्यक्ष का पुतला जलाते वक्त बीते दिनों झुलसी थी भाजपा विधायक

लखनऊ, 28 अप्रैल (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता अनुपमा जायसवाल का हालचाल जानने मेदांता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने उनका कुशलक्षेम लेते हुए डाक्टरों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

अखिलेश यादव ने एक्स पर पाेस्ट करके भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल से मुलाकात के बारे में जानकारी दी है। उन्हाेंने मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि हम नहीं चाहते हैं कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो। हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है। इसीलिए हम भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल से मिलने गये और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करके आएं हैं। राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह। सद्भाव बना रहे, सौहार्द बना रहे।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में हाल ही में भाजपा की ओर से लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का विरोध करने के मामले में नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का प्रतीकात्मक पुतला फूंका गया था। इस प्रदर्शन के दौरान भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल अखिलेश यादव के पुतले में आग लगा रही थीं, उसी दौरान वह आग की चपेट में आ गईं और उनका चेहरा झुलस गया था। विधायक को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story