जेपी की जयंती पर अखिलेश यादव का याेगी सरकार पर निशाना, बोले- पैसे की खनक के आगे विचार बेच दिए

WhatsApp Channel Join Now
जेपी की जयंती पर अखिलेश यादव का याेगी सरकार पर निशाना, बोले- पैसे की खनक के आगे विचार बेच दिए


जेपी की जयंती पर अखिलेश यादव का याेगी सरकार पर निशाना, बोले- पैसे की खनक के आगे विचार बेच दिए


लखनऊ, 11 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर लखनऊ स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (जेपीएनआईसी) पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने संपूर्ण क्रांति आंदोलन को आज भी प्रासंगिक बताते हुए कहा कि जेपी के आंदोलन ने तत्कालीन सरकार को हिलाने का काम किया था। अखिलेश ने केंद्र परिसर को लेकर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार के लिए विचारों से ज्यादा पैसा महत्वपूर्ण हो गया है।

अखिलेश यादव के कार्यक्रम को देखते हुए जेपीएनआईसी परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। केंद्र के बाहर बैरिकेडिंग की गई और परिसर के भीतर पीएसी की कई कंपनियां तैनात रहीं। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच अखिलेश यादव ने जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी मिलकर संपूर्ण क्रांति के रास्ते पर चलने का संकल्प लेते हैं। इसी विचारधारा के आधार पर समाज और देश बनाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेपी का आंदोलन केवल अपने समय तक सीमित नहीं था, बल्कि उसके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि बदलाव की शुरुआत दिखाई दे रही है, लेकिन इसे अभी परिवर्तन का आगाज नहीं कहा जा सकता। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में समाजवादी विचारधारा के साथ व्यापक बदलाव की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा। प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार ने जेपीएनआईसी जैसे महत्वपूर्ण स्थान को पैसों के बोझ तले दबा दिया है। उनके मुताबिक, सरकार के लिए विचारों का महत्व नहीं रह गया है और पैसे की खनक के आगे विचारों को बेच दिया गया है।

सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा कि सरकार में बैठे लोग स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान नहीं कर सकते, क्योंकि वे आजादी के आंदोलन के साथ नहीं थे। उन्होंने कहा, हमारे पवन की हवा में अहंकारी लोग उड़ जाएंगे। उनका यह बयान प्रदेश सरकार और उसके रवैये पर राजनीतिक हमले के तौर पर देखा गया।

जयप्रकाश नारायण की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के जरिए समाजवादी पार्टी ने संपूर्ण क्रांति आंदोलन की विरासत और उसके विचारों को याद किया। अखिलेश यादव ने जेपी के संघर्ष और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि समाज और देश के निर्माण के लिए संपूर्ण क्रांति के रास्ते पर चलना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story