(संशाेधित) एसआईआर को निष्प्रभावी कर नया अभियान शुरू किया, दिल्ली में करेंगे शांतिपूर्ण प्रदर्शन : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
(संशाेधित) एसआईआर को निष्प्रभावी कर नया अभियान शुरू किया, दिल्ली में करेंगे शांतिपूर्ण प्रदर्शन : अखिलेश यादव


लखनऊ, 12 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को निष्प्रभावी कर अब नया अभियान शुरू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि विपक्ष दिल्ली में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करेगा और गांधीवादी होने के नाते कानून नहीं तोड़ेगा।

अखिलेश यादव सोमवार को राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में लोहिया की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आजमगढ़ की एक विधानसभा का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां विकास यादव नाम के 10 मतदाता हैं। उन्होंने कहा, “एक वोट विकास यादव डालेगा, बाकी नौ भाजपा डालेगी।” हालांकि, इस आरोप के समर्थन में उन्होंने मौके पर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया पर काफी कोशिशें की गईं और जनता का पैसा खर्च हुआ, लेकिन अब इसे निष्प्रभावी किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी कवायद को इस तरह बदल दिया गया कि लोगों को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा की कथित “चार सौ बीसी” को 403 विधानसभा सीटों पर नहीं चलने दिया जाएगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि देश में भाजपा संकट का सामना कर रही है। उत्तर प्रदेश में अगला चुनाव होने पर समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने दावा किया कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग पूरी तरह जागरूक है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग पीड़ित हैं, वे पीडीए और समाजवादी विचारधारा के साथ हैं।

इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि दिल्ली में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि वे गांधीवादी हैं और विरोध प्रदर्शन करेंगे, लेकिन कानून नहीं तोड़ेंगे।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मिलकर डॉ. राम मनोहर लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव के अधूरे कार्यों को पूरा करेंगे। इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759397 Articles

Share this story