अखिलेश यादव 12 दिसंबर को सपरिवार पहुंचेंगे अयोध्या, रामलला के करेंगे दर्शन
- पत्नी डिंपल यादव, बेटे और बेटी के साथ पहुंचेंगे रामनगरी, पूर्व मंत्री पवन पांडे ने दी दौरे की जानकारी
लखनऊ, 07 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 दिसंबर को सपरिवार अयोध्या पहुंचेंगे। इस दौरान वह पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव, बेटे और बेटी के साथ रामनगरी में दर्शन-पूजन करेंगे। अखिलेश यादव अयोध्या में पहले राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन पूजन करेंगे। इसके बाद हनुमानगढ़ी पहुंचकर मत्था टेककर आशीर्वाद लेंगे। तत्पश्चात संतों से भी मुलाकात करेंगे।
सपा नेता एवं पूर्व मंत्री पवन पांडे ने शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की तारीख की जानकारी दी है। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी अयोध्या पहुंचेंगे। परिवार के साथ रामलला के दर्शन का यह कार्यक्रम 12 दिसंबर को प्रस्तावित है।
अखिलेश यादव का यह दौरा धार्मिक आस्था के साथ राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा में है। राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या राष्ट्रीय राजनीति के विमर्श के केंद्र में रही है। ऐसे में समाजवादी पार्टी प्रमुख का परिवार के साथ रामलला के दरबार पहुंचना सियासी हलकों में भी ध्यान खींच रहा है। हालांकि, इस दौरे को लेकर पार्टी की ओर से किसी राजनीतिक कार्यक्रम की घोषणा नहीं की गई है।
अयोध्या में रामलला के दर्शन का कार्यक्रम ऐसे समय तय हुआ है, जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में आस्था, विरासत और सामाजिक समीकरणों से जुड़े मुद्दे लगातार चर्चा में हैं। ऐसे में अखिलेश यादव की इस यात्रा पर राजनीतिक गलियारों की निगाहें
रहेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

