सत्ता में आने पर पुरानी पेंशन बहाल करेंगे, शिक्षामित्रों को शिक्षक का सम्मान देंगे : अखिलेश यादव

WhatsApp Channel Join Now
सत्ता में आने पर पुरानी पेंशन बहाल करेंगे, शिक्षामित्रों को शिक्षक का सम्मान देंगे : अखिलेश यादव


लखनऊ, 28 सितंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साेमवार को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी, वित्तविहीन शिक्षकों के लिए फिर से मानदेय की व्यवस्था होगी और शिक्षामित्रों को शिक्षक के रूप में सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने राजकीय विद्यालयों की समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिया।

अखिलेश यादव सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा लगातार शिक्षकों के हित में काम करती रही है और सत्ता में लौटने पर इस दिशा में फिर कदम उठाए जाएंगे। उनके मुताबिक, ‘आने वाले समय में जब सरकार बनेगी तो कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन याेजना लागू की जाएगी।’

सपा अध्यक्ष ने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों के लिए मानदेय की व्यवस्था दोबारा शुरू की जाएगी। शिक्षामित्रों को शिक्षक के रूप में सम्मान देने और राजकीय विद्यालयों की समस्याओं का समाधान करने का भी उन्होंने आश्वासन दिया।

मदरसों से भेदभाव का आरोप

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर समाज को बांटने और मदरसों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ‘इस सरकार को कोई दूसरा काम नहीं करना है। इनको सिर्फ लोगों को बांटना है। मदरसों के साथ इन्होंने भेदभाव किया है। भाजपा को सिर्फ तोड़ना आता है।’ उन्होंने भाजपा सरकार पर ‘‘आधी-अधूरी नौकरी और आधी-अधूरी शिक्षा’’ देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा सरकार बनने पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।

वोट कटने को लेकर फिर उठाए सवाल

सपा अध्यक्ष ने 2022 के विधानसभा चुनाव में मतदाता सूची से सपा समर्थकों के नाम हटाए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि गांव-गांव से वोट हटाने के लिए बड़ी संख्या में फॉर्म-07 भेजे गए। यादव के अनुसार, लखनऊ में एक व्यक्ति ने 100 से अधिक मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म-07 दिए, जबकि एक व्यक्ति द्वारा ऐसे आवेदन किए जाने की संख्या सीमित है। उन्होंने कहा कि सपा चुनाव के बाद से ही इस मुद्दे को उठाती रही है। यादव ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की जरूरत बताते हुए कहा कि मतदाता सूची से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

भाजपा को बताया ‘भूमाफिया पार्टी’

अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए ‘सबसे बड़ी भूमाफिया पार्टी’ करार दिया। उन्होंने भाजपा को ‘भारतीय जमीन पार्टी’ भी कहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वह निर्वाचन प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर आयोग का बचाव कर रहे हैं।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सपा आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। इस दौरान पार्टी नेता शिवपाल यादव, मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी, इंद्रजीत सरोज, विधायक अतुल प्रधान आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story