लखनऊ अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने केजीएमयू पहुंचे अखिलेश यादव, कहा - पीड़ितों की सरकार करे मदद

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने केजीएमयू पहुंचे अखिलेश यादव, कहा - पीड़ितों की सरकार करे मदद


लखनऊ अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने केजीएमयू पहुंचे अखिलेश यादव, कहा - पीड़ितों की सरकार करे मदद


लखनऊ, 23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को अलीगंज इलाके में स्थित कोचिंग एवं एनीमेशन सेंटर में लगी भीषण अग्निकांड में घायल बच्चों और उनके अभिभावकों से मिलने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) पहुंचे।

सपा अध्यक्ष ने अस्पताल में उपचाराधीन बच्चों का हालचाल लिया और अभिभावकों से कार्रवाई को लेकर जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों की टीम से उपचार की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की बात कही।

अखिलेश यादव ने कोचिंग अग्निकांड के पीड़ित बच्चों और अभिभावकों से मुलाकात के बाद मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि घटना बहुत ही दुखद है। अगर सुरक्षा नियमों का पालन किया गया होता तो शायद इतना बड़ा हादसा ना होता और लोगों की जान नहीं गई होती। पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद होनी चाहिए।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि अस्पताल में भर्ती एक नौजवान से मेरी मुलाकात हुई है। जो वहां पर नौकरी करता था। उसने आग से बचने के लिए कूदकर अपनी जान बचाई। उसके शरीर और रीढ़ की हड्डी में चोट आईं हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, उसका काफी दिनों तक इलाज चलेगा, उसकी मां भी नहीं है। वह परिवार का इकलौता भरण पोषण करने वाला नवयुवक है। उसकी सरकार को पूरी मदद करनी चाहिए।

अखिलेश ने कहा कि जब तक इस हादसे के पीड़ित पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो जाते और उन्हें नौकरी दोबारा नहीं मिलती, तब तक सरकार उन्हें वेतन एवं उपचार की व्यवस्था करे। उन्होंने सरकार से मृतकों के परिवारों की कम से कम 01 करोड़ रुपये की मदद किए जाने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story