अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता बने महंत संजयदास

WhatsApp Channel Join Now
अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता बने महंत संजयदास


हरिद्वार में मिली नई जिम्मेदारी, अयोध्या में संतों ने किया अभिनंदन

अयोध्या, 04 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किए जाने के बाद महंत संजयदास का बड़ा भक्तमाल में संत-महंतों ने भव्य स्वागत किया।

आयोजित प्रेसवार्ता में शनिवार काे संतों ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए विश्वास जताया कि वे परिषद की गरिमा, सनातन परंपराओं और संत समाज की आवाज को प्रभावी ढंग से देशभर तक पहुंचाएंगे। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए महंत संजयदास ने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद देश के 13 मान्यता प्राप्त अखाड़ों का सर्वोच्च समन्वयकारी संगठन है, जो संत समाज के हितों और धार्मिक परंपराओं की रक्षा के लिए कार्य करता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हरिद्वार में आयोजित परिषद की बैठक में उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता का दायित्व सौंपा गया। संतों ने कहा कि महंत संजयदास, ब्रह्मलीन महंत ज्ञानदास महाराज की परंपरा और विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए परिषद की नीतियों एवं संत समाज के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। इस अवसर पर हनुमानगढ़ी के महंत मुरलीदास, जगद्गुरु राम दिनेशाचार्य, डॉ. महेशदास, बड़ा भक्तमाल के महंत अवधेशदास, सिंघी ऋषि आश्रम के महंत हेमंतदास सहित अनेक संत-महंत उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए परिषद को और अधिक सशक्त बनाने की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

Share this story