विभाजन की विभीषिका से सीख लेकर भारत की एकता के लिए काम करना जरूरी : राजू पोरवाल

WhatsApp Channel Join Now
विभाजन की विभीषिका से सीख लेकर भारत की एकता के लिए काम करना जरूरी : राजू पोरवाल


कानपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। विभाजन की विभीषिका को याद करते हुए भारत की एकता और अखंडता के लिए समाज को जागरूक करने की जरूरत है। इसके साथ ही नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकना और आने वाली पीढ़ियों को नशामुक्त वातावरण देना सभी की जिम्मेदारी है। यह बातें मंगलवार को अखंड भारत संकल्प दिवस के अवसर पर श्रद्धानंद प्रखंड स्थित गुरु नारायण खत्री विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता विहिप के कानपुर प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने कहीं।

विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अखंड भारत संकल्प विषय पर राजू पोरवाल ने अपने विचार रखे। उन्होंने विभाजन के दौरान हुई घटनाओं और उसके सामाजिक प्रभावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इतिहास से सीख लेकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज विभिन्न प्रकार की मानसिक और सामाजिक गुलामी से प्रभावित है, जिससे बाहर निकलने के लिए जागरूकता और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

नशामुक्ति के विषय पर उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर इसका असर पड़ता है। युवाओं को नशे से दूर रखना और समाज में नशे के खिलाफ वातावरण तैयार करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने उपस्थित लोगों का आह्वान किया कि वे अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और आने वाली पीढ़ियों को नशे से बचाने के लिए प्रयास करें।

कार्यक्रम में प्रांत सह संयोजिका दुर्गा वाहिनी वैशाली, विद्यालय के प्रधानाचार्य एमडी द्विवेदी, जिला संयोजक मोहित, प्रांत गोरक्षा प्रमुख आशीष, प्रांत सत्संग प्रमुख मातृशक्ति अर्चना, जिला सह मंत्री कालीचरण, जिला विद्यार्थी संपर्क प्रमुख गौरव झा, जिला सुरक्षा प्रमुख पीयूष, नगर अध्यक्ष विकास रोहतगी, नगर सह संयोजक माधव, नगर गोरक्षा प्रमुख नकुल, नगर मिलन केंद्र प्रमुख विशाल गौड़, जिला सह विशेष संपर्क प्रमुख सचिन और जिला समरसता प्रमुख राजकुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story