अकांशु गोविल ने उप मुख्य यातायात प्रबंधक एवं स्टेशन डायरेक्टर कानपुर का संभाला कार्यभार

WhatsApp Channel Join Now
अकांशु गोविल ने उप मुख्य यातायात प्रबंधक एवं स्टेशन डायरेक्टर कानपुर का संभाला कार्यभार


कानपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे में हुए महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल के तहत अकांशु गोविल ने बुधवार को उप मुख्य यातायात प्रबंधक एवं स्टेशन डायरेक्टर, कानपुर के पद का कार्यभार विधिवत ग्रहण कर लिया है। उनके कार्यभार संभालने से रेल संचालन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। यह जानकारी बुधवार काे उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने दी।

अकांशु गोविल भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के वर्ष 2012 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। वे अपने कुशल नेतृत्व, कार्यकुशलता और ऊर्जा के लिए जाने जाते हैं तथा उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख अधिकारियों में शामिल हैं।

अपने सेवा काल के दौरान उन्होंने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, आगरा और प्रयागराज जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। इन पदों पर रहते हुए उन्होंने रेल परिचालन, यात्री सुविधा और प्रशासनिक प्रबंधन के क्षेत्र में व्यापक अनुभव अर्जित किया है।

विशेष रूप से प्रयागराज में वर्ष 2019 के कुंभ और वर्ष 2025 के महाकुंभ के दौरान उन्होंने रेल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें रेल मंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, कानपुर में तीन वर्षों तक प्रतिनियुक्ति पर कार्य करते हुए वर्ष 2021 में कानपुर मेट्रो के संचालन में भी अहम भूमिका निभाई। उनके अनुभव से कानपुर में रेल सेवाओं के विकास को नई गति मिलने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story