लखनऊ को स्वच्छता में नंबर एक बनाने के लिए सभी करें प्रयास : मंत्री ए.के. शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ को स्वच्छता में नंबर एक बनाने के लिए सभी करें प्रयास : मंत्री ए.के. शर्मा


लखनऊ, 27 मई (हि.स.)। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण के दृष्टिगत नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने बुधवार को संगम सभागार, लखनऊ में समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री शर्मा ने कहा कि यह समीक्षा की जाए कि किन प्रयासों और कार्यों के कारण लखनऊ स्वच्छता सर्वेक्षण में तीसरे स्थान तक पहुंचा तथा किन कमियों के कारण शहर प्रथम स्थान प्राप्त नहीं कर सका।

मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि स्कूलों में कायाकल्प कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए तथा शिकायत निस्तारण प्रणाली में सिटिजन फीडबैक बेहतर बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सीवेज समस्याओं के त्वरित समाधान तथा अस्पतालों एवं बड़े होटलों के बाहर जमा होने वाले कूड़े को तत्काल हटवाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। सभी पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में मोहल्ला सभाओं एवं समितियों के माध्यम से स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी वार्ड में कूड़े के ढेर दिखाई नहीं देने चाहिए तथा नगर निगम अधिकारी नियमित रूप से निगरानी सुनिश्चित करें।

मंत्री शर्मा ने कमर्शियल क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि व्यापारियों को अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने हेतु प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी मिलकर प्रयास करें तो लखनऊ को स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में प्रथम स्थान दिलाया जा सकता है।

इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त एवं पार्षदगण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story