उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने रथयात्रा मेले में भगवान जगन्नाथ का किया दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने रथयात्रा मेले में भगवान जगन्नाथ का किया दर्शन


—चराचर जगत के स्वामी से समस्त प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की

वाराणसी, 18 जुलाई (हि.स.)। धर्म नगरी काशी के विश्वप्रसिद्ध तीन दिवसीय लक्खा रथयात्रा मेले के अंतिम दिन शनिवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने भी भगवान जगन्नाथ का दर्शन पूजन किया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पार्टी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र में पहुंचकर भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र के दर्शन के बाद रथ स्पर्श की परम्परा निभाई।

दर्शन पूजन के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि काशी की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा मेला हमारी सनातन संस्कृति, लोक आस्था और सामाजिक समरसता की अमूल्य धरोहर है। इस ऐतिहासिक मेला में भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की दिव्य आरती में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं बहन सुभद्रा का विधिवत दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। तथा श्रद्धालुओं के साथ भगवान जगन्नाथ का रथ खींचकर अपनी आस्था भी जताईं। उन्होंने कहा कि महाप्रभु जगन्नाथ जी के दर्शन कर मन अत्यंत हर्षित और अभिभूत है। प्रभु से प्रार्थना है कि वे सभी का कल्याण करें तथा संपूर्ण प्रदेश में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली का आशीर्वाद बनाए रखें। काशी विश्व की प्राचीनतम जीवंत नगरी है, जहां धर्म, अध्यात्म, संस्कृति और लोक परंपराएं आज भी उसी जीवंत स्वरूप में विद्यमान हैं। यहां के मेले, पर्व और धार्मिक उत्सव केवल आस्था के आयोजन नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा भी काशी की ऐसी ही गौरवशाली परंपरा है, जो सदियों से श्रद्धा, सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता का संदेश देती चली आ रही है। भगवान श्री जगन्नाथ को लोकनायक और लोकमंगल का प्रतीक माना जाता है। उनकी रथयात्रा यह संदेश देती है कि ईश्वर सभी के हैं और उनके दरबार में किसी प्रकार का ऊंच-नीच या भेदभाव नहीं है। जब हजारों श्रद्धालु एक साथ रथ की रस्सी पकड़कर महाप्रभु का रथ खींचते हैं, तब वह दृश्य भारतीय संस्कृति की एकता, भाईचारे और सामूहिक चेतना का अद्भुत उदाहरण बन जाता है काशी की पहचान में सांस्कृतिक परंपराएं, धार्मिक आयोजन, लोक उत्सव और मेले पूरी दुनिया को भारतीय सभ्यता की महानता का परिचय कराते हैं। इस दौरान पार्टी के वाराणसी जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ,महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, सजीव सिंह,डॉ राजेश गुप्ता, मनीष मोरोलिया, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, वीरेन्द्र कपूर, सतनाम सिंह, सुनील राय, घनश्याम सिंह आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Share this story