अग्निकांड प्रभावित परिवारों को जल्द पुनर्वास कराएं सरकार : अजय राय
-कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने लखनऊ अग्निकांड प्रभावित परिवारों से मिले, राशन भेंट कर लिया हालचाल
लखनऊ, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने सोमवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर क्षेत्र स्थित टेढ़ी पुलिया पहुंचकर हाल ही में हुए अग्निकांड से प्रभावित पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ितों का हालचाल जाना और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
अजय राय ने अग्निकांड में हुए नुकसान पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। इस अवसर पर उन्होंने प्रभावित परिवारों को राशन, कपडे़, खाने पीने की राहत सामग्री भी वितरित की तथा उनके पुनर्वास की दिशा में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार से मांग की, कि अग्निकांड से प्रभावित सभी परिवारों को जल्द से जल्द समुचित आर्थिक सहायता, आवास और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे सामान्य जीवन में वापस लौट सकें।
इस दौरान पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद, मुकेश सिंह चौहान, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, डॉ. शहजाद आलम, आसिफ रिज़वी रिंकू, पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. अमित राय, अरशद खुर्शीद, कै. वंशीधर मिश्रा, आशुतोष मिश्रा, हम्माम वहीद, आर्यन मिश्रा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं स्थानीय कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

