महिला आरक्षण बिल पास न होने का कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराना गलत : अजय राय

WhatsApp Channel Join Now
महिला आरक्षण बिल पास न होने का कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराना गलत : अजय राय


लखनऊ, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय लखनऊ पर प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों को सम्बोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो मीडिया के समक्ष दिखाया, जिसमें वह वर्ष 2023 में समस्त विपक्ष को महिला आरक्षण बिल पास होने की बधाई दे रहे हैं एवं फिर वर्ष 2026 में उनका राष्ट्र के नाम संबोधन दिखा रहे हैं जिसमें वह कांग्रेस को बिल ना पास होने देने के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तय नहीं कर पा रहे हैं कि वो क्या कहें, क्या इल्जाम लगाए, सच तो यह है कि वह अपने जाल में स्वयं फंस गए हैं।

अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बड़ी ही कुटिल तरीके से महिलाओं के आरक्षण को (जिस पर पहले ही निर्णय हो चुका था) परिसीमन के साथ जोड़ने का कुत्सित प्रयास किया। समूचे विपक्ष ने उनकी इस चाल को समझ लिया और उनके इस चालाकी भरे प्रयास को निर्णायक रूप से पराजित कर दिया। यह हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था, हमारे संघीय ढांचे और संविधान की जीत है।

उन्हाेंने कहा कि मोदी सरकार ने जब वर्ष 2023 में महिला आरक्षण विधेयक पास कराया था, तभी कांग्रेस ने कहा कि इसे तत्काल लागू कर दीजिए, मगर मोदी सरकार ने उस समय के विधेयक में जनगणना और परिसीमन के प्रावधानों का हवाला देते हुए इसे लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के पूर्व जारी हुए अपने न्याय पत्र का नारी न्याय का वह हिस्सा दिखाया, जहां कांग्रेस पार्टी ने इस बात का जिक्र उसी समय किया था कि अगर हमारी सरकार आई तो हम संविधान के 106वें संशोधन को तुरंत लागू करेंगे।

अजय राय ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला हितों के लिए समर्पित दल रहा है। हमारी सोच आजादी के नायकों की ओर से रखी गई नींव से प्रभावित है। हमने पहली महिला के रूप में एनी बेसेंट को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया था, आजादी के बाद पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में सुचेता कृपलानी, पहली महिला के रूप में इंदिरा गांधी को देश का प्रधानमंत्री, पहली महिला राष्ट्रपति के रूप में प्रतिभा पाटिल तथा पहली महिला लोकसभा अध्यक्ष के रूप में मीरा कुमार ने जिम्मेदारी निभाते हुए नारी शक्ति काे सशक्त बनाया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता अब मोदी जी के इस झूठ और पाखंड को समझने लगी है और नारी के हक को मारने वाले इन बहरूपियों को बहुत जल्द ही इस देश की सत्ता से बाहर करेगी।

प्रेसवार्ता में मुख्य रूप पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद एवं मीता गौतम, मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रदेश प्रवक्ता शुचि विश्वास उपस्थित रहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story