कानपुर सेंट्रल पर वातानुकूलित वेटिंग रूम शुरू, 30 रुपये प्रति घंटे देना होगा शुल्क

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर सेंट्रल पर वातानुकूलित वेटिंग रूम शुरू, 30 रुपये प्रति घंटे देना होगा शुल्क


कानपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। यात्रियों को बेहतर और आरामदायक सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर वातानुकूलित वेटिंग रूम और एक्जीक्यूटिव वेटिंग एरिया शुरू होने से ट्रेन की प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। यह जानकारी बुधवार को प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कही।

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए वातानुकूलित वेटिंग रूम की सुविधा शुरू की गई। इसका शुभारंभ उप मुख्य यातायात प्रबंधक अकांशु गोविल ने किया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस सुविधा का उद्देश्य यात्रियों को ट्रेन की प्रतीक्षा के दौरान आरामदायक स्थान उपलब्ध कराना है।

वेटिंग रूम में यात्रियों के बैठने और आराम करने की व्यवस्था की गई है। इसके इस्तेमाल के लिए 30 रुपये प्रति घंटे का शुल्क निर्धारित किया गया है। यहां जलपान की सुविधा भी मिलेगी, जिससे यात्रियों को ट्रेन के इंतजार के दौरान स्टेशन पर ही जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

इसके अलावा यात्रियों के लिए अलग से एक्जीक्यूटिव वेटिंग एरिया भी तैयार किया गया है। इसमें आराम के लिए सोफे लगाए गए हैं। यहां पैक्ड खाद्य पदार्थों के साथ भोजन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इस क्षेत्र का उपयोग करने वाले यात्रियों को 50 रुपये प्रति घंटे का भुगतान करना होगा। दोनों सुविधाओं के लिए 24 घंटे बैकअप की व्यवस्था भी की गई है।

यात्री अपनी जरूरत और बजट के अनुसार सामान्य वातानुकूलित वेटिंग रूम या एक्जीक्यूटिव वेटिंग एरिया का इस्तेमाल कर सकेंगे। रेलवे का कहना है कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन नई व्यवस्थाओं से ट्रेन की प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक माहौल मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761005 Articles

Share this story