नई ऊंचाइयों पर ले जाने का लक्ष्य, वैश्विक पहचान की ओर बढ़ रहा विश्वविद्यालय : कुलपति

WhatsApp Channel Join Now
नई ऊंचाइयों पर ले जाने का लक्ष्य, वैश्विक पहचान की ओर बढ़ रहा विश्वविद्यालय : कुलपति


कानपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाना हमारी प्राथमिकता रही है। नवाचार, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ हमने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। राष्ट्रीय मूल्यांकन में सर्वोच्च ग्रेड और श्रेणी-1 का दर्जा पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है। आने वाले समय में वैश्विक स्तर पर पहचान बनाना हमारा लक्ष्य है। यह बातें गुरुवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई सभागार में ‘सफर शिखर तक- शानदार पाँच साल (2021-2026)’ थीम पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुलपति के पांच वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक और शोध क्षेत्रों में हुए व्यापक बदलावों को रेखांकित किया गया।

प्रो. पाठक के नेतृत्व में विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद द्वारा सर्वोच्च ‘ए प्लस प्लस’ ग्रेड प्राप्त हुआ, वहीं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा श्रेणी-1 का प्रतिष्ठित दर्जा भी मिला। इससे विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय स्तर पर साख मजबूत हुई है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को प्रभावी रूप से लागू करते हुए पाठ्यक्रमों को आधुनिक और रोजगारपरक बनाया गया।

छात्रों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण किया गया, जिससे शिकायतों का त्वरित समाधान संभव हुआ। डिग्री और अंकपत्र वितरण की प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाकर विश्वविद्यालय ने नई मिसाल पेश की। शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक प्रयोगशालाओं और सुविधाओं का विस्तार भी किया गया।

समारोह में यह भी कहा गया कि ‘शानदार पांच साल’ किसी उपलब्धि का अंत नहीं, बल्कि नए लक्ष्य की शुरुआत है। सर्वोच्च ग्रेड प्राप्त होने के बाद अब विश्वविद्यालय का लक्ष्य वैश्विक रैंकिंग में स्थान बनाना और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध एवं शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाना है।

कार्यक्रम में प्रति-कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, कुलसचिव राकेश कुमार मिश्र, डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कुलपति के परिजन भी इस अवसर पर उपस्थित रहे, जिससे समारोह और भी खास बन गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story