खेती को मिलेगी एआई की ताकत, ‘एनकोश किसान एआई’ लॉन्च

WhatsApp Channel Join Now
खेती को मिलेगी एआई की ताकत, ‘एनकोश किसान एआई’ लॉन्च


खेती को मिलेगी एआई की ताकत, ‘एनकोश किसान एआई’ लॉन्च


कानपुर, 25 फरवरी (हि.स.)। कृषि क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को नई दिशा देते हुए छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के छत्रपति शाहू जी महाराज इनोवेशन फाउंडेशन (सीएसजेएमआईएफ) और एग्रीटेक कंपनी एनकोश ने संयुक्त रूप से ‘एनकोश किसान एआई’ प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। यह किसान-केंद्रित डिजिटल पहल खेत स्तर पर त्वरित, सटीक और व्यवहारिक सलाह उपलब्ध कराएगी। यह बातें बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।

कुलपति ने कहा कि यह पहल विश्वविद्यालय के नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व मॉडल को मजबूत करती है। इसे राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 की भावना के अनुरूप तकनीक को समाज से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

‘एनकोश किसान एआई’ 11 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे किसान अपनी मातृभाषा में फसल प्रबंधन, उर्वरक उपयोग, रोग व कीट नियंत्रण और बाजार रणनीति से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि भाषा की बाधा हटने से तकनीक की पहुंच गांव-गांव तक सुनिश्चित होगी।

यह एआई प्लेटफॉर्म बोवाई से लेकर कटाई तक डिजिटल मार्गदर्शन प्रदान करेगा। इसमें फसल चयन, बीज बोवाई, उर्वरक व कीटनाशक की उचित मात्रा, रोग पहचान, मौसम आधारित रणनीति और कटाई योजना शामिल है। साथ ही मंडी भाव और बाजार अपडेट की सुविधा से किसानों को बेहतर मूल्य निर्धारण में मदद मिलेगी।

परियोजना से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार मॉडल को वास्तविक खेतों में परीक्षण और किसानों के फीडबैक के आधार पर विकसित किया गया है। डेयरी, बागवानी, पुष्पोत्पादन और किचन गार्डनिंग जैसे क्षेत्रों में भी इसके उपयोग की संभावनाएं हैं।

डेवलपर्स ने बताया कि अगले चरण में व्हाट्सएप इंटीग्रेशन, वॉइस कॉल सपोर्ट, कैमरा आधारित फसल रोग पहचान, मिट्टी जांच इंटीग्रेशन और विशेषज्ञ एग्रोनॉमिस्ट परामर्श जैसी सुविधाएं जोड़ी जाएंगी। प्रारंभिक चरण में 50 हजार से अधिक किसानों तक इस तकनीक को पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

इस दौरान प्रति कुलपति प्रो.सुधीर कुमार अवस्थी, कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा, एन कोश के संस्थापक आशुतोष तिवारी, सीएसजेएम इनोवेशन फाउंडेशन से मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ दिव्यांश शुक्ला, प्रोग्राम ऑपरेशन मैनेजर प्रभाकर सिंह, इनक्यूबेशन मैनेजर अनिल त्रिपाठी, इनोवेशन ऑफिसर शैलेंद्र यादव इत्यादि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story