सीएसए में एआई प्रतियोगिता आयोजित, आधुनिक तकनीकों पर जोर : डॉ. सीमा सोनकर

WhatsApp Channel Join Now
सीएसए में एआई प्रतियोगिता आयोजित, आधुनिक तकनीकों पर जोर : डॉ. सीमा सोनकर


कानपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। आधुनिक तकनीकों की समझ छात्रों के भविष्य के लिए आवश्यक है। इसी उद्देश्य के तहत चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में एआई के उपयोग को प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह बातें बुधवार को डॉ. सीमा सोनकर ने कही।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय अंतर्गत परिधान एवं वस्त्र विज्ञान विभाग द्वारा “वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अनुप्रयोग” विषय पर एक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में स्नातक, परास्नातक एवं पीएचडी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने तीन मिनट की प्रस्तुति के माध्यम से वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के नवाचार, उपयोगिता तथा भविष्य की संभावनाओं को प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने स्मार्ट वस्त्र, फैशन डिजाइनिंग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, गुणवत्ता नियंत्रण तथा उत्पादन प्रक्रियाओं में तकनीकी नवाचार जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. अर्चना सिंह एवं डॉ. अंकिता यादव के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें डॉ. एकता शर्मा एवं डॉ. ऋतु पांडेय का सहयोग प्राप्त हुआ।

प्रतियोगिता का मूल्यांकन निर्णायक मंडल—डॉ. संघमित्रा मोहापात्रा, डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. एकता शर्मा एवं डॉ. ऋतु पांडेय द्वारा किया गया। प्रतिभागियों की प्रस्तुति, विषयवस्तु एवं नवाचार के आधार पर उनका मूल्यांकन किया गया।

इस अवसर पर डॉ. सीमा सोनकर एवं डॉ. रश्मि सिंह उपस्थित रहीं और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना तथा वस्त्र उद्योग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नवाचार, शोध एवं तकनीकी सोच को प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं निर्णायकों का आभार व्यक्त किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story