लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मातृ शक्ति यात्रा योजना : मुरादाबाद क्षेत्र में 10 दिन में 11,551 वरिष्ठ महिला यात्रियों ने उठाया लाभ

WhatsApp Channel Join Now
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मातृ शक्ति यात्रा योजना : मुरादाबाद क्षेत्र में 10 दिन में 11,551 वरिष्ठ महिला यात्रियों ने उठाया लाभ


धामपुर डिपो से सर्वाधिक 2,915 तथा बिजनौर से 2,322 महिला यात्रियों ने किया निःशुल्क सफर

मुरादाबाद, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार की लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मातृ शक्ति यात्रा योजना मुरादाबाद क्षेत्र में काफी प्रभावी रही। 28 अगस्त से 06 सितंबर तक 10 दिनों में मुरादाबाद क्षेत्र के विभिन्न रोडवेज डिपो में कुल 11,551 वरिष्ठ महिला यात्रियों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्राप्त हुई।

क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, सुविधा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में संचालित ‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर मातृ शक्ति यात्रा योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिला यात्रियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप मुरादाबाद क्षेत्र में इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

क्षेत्रीय प्रबंधक अम्बरीन अख्तर ने बताया कि 28 अगस्त से 06 सितंबर तक मुरादाबाद क्षेत्र के विभिन्न रोडवेज डिपो में कुल 11,551 वरिष्ठ महिला यात्रियों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई। बड़ी संख्या में वरिष्ठ महिलाओं द्वारा योजना का लाभ लिया जाना इस बात का प्रमाण है कि सरकार की यह पहल उन्हें आवागमन में आर्थिक राहत देने के साथ-साथ आत्मविश्वास एवं सम्मान की अनुभूति भी करा रही है।

धामपुर डिपो में सर्वाधिक 2,915 वरिष्ठ महिला यात्रियों ने निःशुल्क यात्रा की। इसके बाद बिजनौर डिपो में 2,322 तथा पीतलनगरी डिपो में 2,190 महिला यात्रियों ने योजना का लाभ उठाया। इसी प्रकार नजीबाबाद डिपो में 992, मुरादाबाद डिपो में 846, रामपुर डिपो में 779, चांदपुर डिपो में 779 तथा अमरोहा डिपो में 728 वरिष्ठ महिला यात्रियों को निःशुल्क रोडवेज यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story