अहिल्याबाई होलकर की पुण्यतिथि पर प्रदेशभर में कार्यक्रम करेगा भाजपा पिछड़ा मोर्चा : प्रकाश पाल

WhatsApp Channel Join Now
अहिल्याबाई होलकर की पुण्यतिथि पर प्रदेशभर में कार्यक्रम करेगा भाजपा पिछड़ा मोर्चा : प्रकाश पाल


लखनऊ, 12 अगस्त (हि.स.)। पुण्यश्लोक लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा गुरुवार को प्रदेश के सभी जनपदों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोकमाता को श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को पत्र जारी कर कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रकाश पाल ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की ऐसी महान शासिका थीं, जिन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण, न्याय, सुशासन और सनातन संस्कृति के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने देशभर के अनेक तीर्थस्थलों और मंदिरों का पुनर्निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया तथा सनातन संस्कृति के गौरव को पुनर्स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन समाज के लिए सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा है।

प्रकाश पाल ने बताया कि पुण्यतिथि के अवसर पर सभी जनपदों में श्रद्धांजलि सभाएं, माल्यार्पण, संगोष्ठियां एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन, संघर्ष, सुशासन और सनातन संस्कृति के संरक्षण में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर केवल एक समाज की नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत की गौरवशाली विरासत हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज के निर्माण का संकल्प ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों से प्रेरणा लेने वाले उनके अनुयायी हैं। अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उनके योगदान को स्मरण किया गया। प्रकाश पाल ने कहा कि भाजपा सरकारें महापुरुषों और महान विभूतियों के सम्मान तथा उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। इसके विपरीत विपक्ष को यह बताना चाहिए कि उसने महापुरुषों के सम्मान में क्या किया।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story