रक्षाबंधन से पहले हाईवे पर ‘फूड सेफ्टी स्ट्राइक’, रातभर चला अभियान, 16.3 कुंतल असुरक्षित खाद्य पदार्थ नष्ट

WhatsApp Channel Join Now

 टोल नाकों, हाईवे और कनेक्टिंग रोड पर पूरी रात चला सघन प्रवर्तन अभियान

संदिग्ध खाद्य पदार्थों के 35 नमूने जांच के लिए लिए गए, 28 वाहनों में मिली अनियमितताएं

पनीर, खोया, दूध, नमकीन और मिल्क केक समेत करीब ₹20 लाख मूल्य के खाद्य पदार्थ मौके पर कराए गए नष्ट

लखनऊ, 26 अगस्त। आगामी रक्षाबंधन पर्व के दौरान प्रदेशवासियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश ने मिलावटी, संदिग्ध एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में परिवहन किए जा रहे खाद्य पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की प्रवर्तन टीमों ने 25-26 अगस्त की मध्यरात्रि से भोर तक विशेष रात्रिकालीन अभियान चलाकर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में टोल नाकों, हाईवे और कनेक्टिंग लूप रोड्स पर खाद्य पदार्थों से लदे वाहनों की सघन जांच की।

   रक्षाबंधन से पहले हाईवे पर ‘फूड सेफ्टी स्ट्राइक’, रातभर चला अभियान, 16.3 कुंतल असुरक्षित खाद्य पदार्थ नष्ट

अभियान के दौरान 97 वाहनों की जांच की गई। इनमें 28 वाहनों में संदिग्ध/मिलावटी अथवा अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ पाए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए 35 खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। वहीं, अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में भंडारित अथवा परिवहन किए जा रहे लगभग 16.3 कुंतल खाद्य पदार्थ, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है, को मौके पर नष्ट कराया गया।

हाईवे पर रातभर निगरानी, खाद्य पदार्थों की सप्लाई चेन पर नजर
रक्षाबंधन पर मिठाइयों, खोया, पनीर, दूध, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने को देखते हुए विभाग ने सप्लाई चेन के महत्वपूर्ण मार्गों पर निगरानी बढ़ाई। अभियान का उद्देश्य केवल बाजारों में बिक्री के स्तर पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि खाद्य पदार्थों को एक जनपद से दूसरे जनपद तक ले जाने वाले वाहनों की भी जांच सुनिश्चित करना रहा।

   रक्षाबंधन से पहले हाईवे पर ‘फूड सेफ्टी स्ट्राइक’, रातभर चला अभियान, 16.3 कुंतल असुरक्षित खाद्य पदार्थ नष्ट

विभागीय टीमों ने वाहनों में रखे खाद्य पदार्थों की स्वच्छता, भंडारण एवं परिवहन की स्थिति की जांच की और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा।

मथुरा में 1200 किलो पनीर नष्ट
मथुरा में दिल्ली हाईवे पर एक वाहन की जांच के दौरान करीब 1200 किलोग्राम पनीर पाया गया। खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता एवं परिस्थितियों को संदिग्ध पाए जाने पर लगभग 3 लाख रुपये मूल्य के पनीर को मौके पर नष्ट कराया गया। मामले में एक नमूना जांच के लिए लिया गया।

इसी तरह, मेरठ में हाईवे पर दो वाहनों की जांच की गई। दोनों वाहनों से करीब 10 कुंतल खोया अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में परिवहन किया जा रहा था। लगभग 3.30 लाख रुपये मूल्य के खोये को नष्ट कराया गया तथा दो नमूने जांच के लिए लिए गए।

   रक्षाबंधन से पहले हाईवे पर ‘फूड सेफ्टी स्ट्राइक’, रातभर चला अभियान, 16.3 कुंतल असुरक्षित खाद्य पदार्थ नष्ट

अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर 3416 किलो नमकीन जब्त

अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर खाद्य सुरक्षा टीम ने नमकीन से लदे वाहन की जांच की। वाहन में करीब 3416 किलोग्राम नमकीन पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई। कार्रवाई के दौरान नमकीन के लगभग चार नमूने जांच के लिए लिए गए।

   रक्षाबंधन से पहले हाईवे पर ‘फूड सेफ्टी स्ट्राइक’, रातभर चला अभियान, 16.3 कुंतल असुरक्षित खाद्य पदार्थ नष्ट

वहीं, पिलखुआ-हापुड़ हाईवे पर दो वाहनों को रोककर जांच की गई। इस दौरान करीब 1670 किलोग्राम खोया अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में पाया गया। करीब 35 हजार रुपये मूल्य के खोये को नष्ट कराया गया तथा पांच नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

बागपत में दो वाहनों से 520 किलो खोया मिला

बागपत में दिल्ली वाले मार्ग पर चार वाहनों की जांच की गई। इनमें दो वाहनों में करीब 520 किलोग्राम खोया अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखा हुआ मिला। लगभग 1.44 लाख रुपये मूल्य के खोये को मौके पर नष्ट कराया गया।

   रक्षाबंधन से पहले हाईवे पर ‘फूड सेफ्टी स्ट्राइक’, रातभर चला अभियान, 16.3 कुंतल असुरक्षित खाद्य पदार्थ नष्ट

अलीगढ़ में नोएडा मार्ग पर एक दूध टैंकर की जांच की गई। दूध में अपमिश्रण की संभावना को देखते हुए करीब 7000 लीटर दूध, जिसकी अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपये थी, को नष्ट कराया गया। साथ ही दूध का नमूना जांच के लिए लिया गया।

कानपुर में 500 किलो अस्वास्थ्यकर खोया नष्ट

कानपुर में रेलवे स्टेशन मार्ग पर खाद्य सुरक्षा टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 500 किलोग्राम अस्वास्थ्यकर खोया नष्ट कराया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख रुपये बताई गई।

नोएडा-दिल्ली मार्ग पर पनीर से लदे दो वाहनों की जांच की गई। इनमें करीब 185 किलोग्राम पनीर पाया गया। पनीर के रसायनों के प्रयोग से निर्मित होने की आशंका के चलते इसे मौके पर नष्ट कराया गया। नष्ट किए गए पनीर की अनुमानित कीमत करीब 2.75 लाख रुपये बताई गई।

गोरखपुर में 600 किलो मिल्क केक जैसी मिठाई नष्ट

गोरखपुर में अयोध्या-बस्ती मार्ग की ओर से आ रहे एक वाहन की जांच के दौरान करीब 600 किलोग्राम तैयार मिल्क केक जैसी मिठाई मिली। परिस्थितियों को देखते हुए करीब 1.08 लाख रुपये मूल्य की मिठाई नष्ट कराई गई और एक नमूना जांच के लिए लिया गया।

त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की पैनी नजर

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित परिवहन को लेकर विभाग की निगरानी केवल बाजारों और दुकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी सप्लाई चेन पर प्रभावी निगरानी रखी जा रही है।विशेष रूप से खोया, पनीर, दूध, मिठाई और नमकीन जैसे अधिक मांग वाले खाद्य पदार्थों की आवाजाही पर प्रवर्तन टीमों द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग का प्रयास है कि रक्षाबंधन जैसे प्रमुख त्योहार पर प्रदेशवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

Share this story