सशक्त और विकसित राष्ट्र के लिए कृतसंकल्पित है भाजपा : सूर्यप्रताप शाही

WhatsApp Channel Join Now
सशक्त और विकसित राष्ट्र के लिए कृतसंकल्पित है भाजपा : सूर्यप्रताप शाही


भाजपा ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर किया बैठक

देवरिया, 03 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को आगामी कार्यक्रमों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई । अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर बैठक का शुभारंभ किया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने पार्टी के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है।

उन्होंने कहा कि भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा का गठन 6 अप्रैल, 1980 को नई दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित एक कार्यकर्ता अधिवेशन में किया गया, जिसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी निर्वाचित हुए। अपनी स्थापना के साथ ही भाजपा ने अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं लोकहित के विषयों पर मुखर रहते हुए भारतीय लोकतंत्र में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज की तथा भारतीय राजनीति को नए आयाम दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी संतराज यादव ने कहा कि 05 अप्रैल से 12 अप्रैल तक पार्टी के कार्यक्रम चलाए जाने की कार्ययोजना है उसके बाद 14 अप्रैल को बना साहेब भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 5, 6, 7 को बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक के कार्यालयों को सजाया जाएगा तथा 06 अप्रैल को पार्टी के बूथ स्तर तक के कार्यालयों पर झंडारोहण कराया जाएगा तथा सभी कार्यकर्ता अपने घरों पर भी पार्टी का झंडा लगाएंगे।

हर बूथों पर प्राथमिक सदस्य, सक्रिय सदस्य, तथा गणमान्य व्यक्ति को सम्मानित किया जाएगा। 08 अप्रैल को सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन देवरिया क्लब सभागार में 11 बजे कराया जाएगा। पूरे जनपद में लगभग 2700 सक्रिय सदस्य हैं। ग्राम बस्ती संपर्क अभियान 7 से 12 अप्रैल तक चलाया जाएगा जिसमें पार्षद से लेकर प्रदेश पदाधिकारी भाग लेंगे। इस दौरान मंडलों में गोष्ठियों का आयोजन कराया जाएगा, जिसमें जनपद के विभिन्न पदाधिकारियों को भेजा जाएगा। सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता का कार्यक्रम भी किए जाएंगे तथा गांवों में 25 से 30 व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाना है। राष्ट्र प्रथम की भावना को आत्मसात करते हुए इन सभी कार्यक्रमों को हमे मिलजुल कर संपादित करना है।

जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा भारतीय जनता पार्टी एक सुदृढ़, सशक्त, समृद्ध, समर्थ एवं स्वावलम्बी भारत के निर्माण हेतु निरंतर सक्रिय है। पार्टी की कल्पना एक ऐसे राष्ट्र की है जो आधुनिक दृष्टिकोण से युक्त एक प्रगतिशील एवं प्रबुद्ध समाज का प्रतिनिधित्व करता हो तथा प्राचीन भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति तथा उसके मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए महान ‘विश्वशक्ति’ एवं ‘विश्व गुरू’ के रूप में विश्व पटल पर स्थापित हो। इसके साथ ही विश्व शांति तथा न्याययुक्त अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था को स्थापित करने के लिए विश्व के राष्ट्रों को प्रभावित करने की क्षमता रखे।

बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष व कार्यक्रम के जिला संयोजक अजय कुमार दुबे ने किया ।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार दुबे, मारकंडे शाही, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष छठे लाल निगम, जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा, संजय सिंह एडवोकेट, गंगा सिंह कुशवाहा, महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी, रविंद्र कौशल, नगर अध्यक्ष रमेश वर्मा, अंकुर राय, सत्यप्रकाश पांडे, विजय पांडे, वीरेंद्र सिंह, राजन यादव, उमापति सिंह, प्रणव दुबे, सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story